झारखंड : गुमला में किसान को नोच-नोचकर खा गए जंगली जानवर
कामडारा पुलिस ने उसकी खोज के लिए बिंधिनचुआं के ठेराजुड़ी पहाड़ पर सर्च अभियान चलाया। सर्च अभियान के दौरान पुलिस को खून लगा पैंट और कंबल बरामद हुआ है।
गुमला, जासं। गुमला जिले के कामडारा के बिंधिनचुआं जंगल में 55 वर्षीय निवेल सोरेन नामक किसान को जंगली जानवरों ने नोच-नोच कर खा लिया। जिससे उसकी मौत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। किसान निवेल सोरेन बसिया थाना के बरई गांव का रहने वाला था। सोमवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग बसिया और कामडारा पुलिस ने उसकी खोज के लिए बिंधिनचुआं के ठेराजुड़ी पहाड़ पर सर्च अभियान चलाया। सर्च अभियान के दौरान पुलिस को खून लगा पैंट और कंबल बरामद हुआ है।
ऐसी आशंका जतायी जा रही है कि जंगली जानवर उसे खा गए। इस कारण शरीर का कोई भी अंग नहीं मिला। लेकिन पुलिस का मानना है कि जब तक शव या उसका अवशेष नहीं मिल जाता है तब-तक किसी को मृत घोषित नहीं किया जा सकता है। निवेल के पुत्र जोहन सोरेन ने बताया कि जंगली जानवर उसके पिता को खा गए हैं। उसके पिता रविवार को कामडारा थाना के कारीचुआं गांव जाने की बात कह कर घर से निकले थे। रास्ता जंगल से गुजरता है। वह अब तक वापस नहीं आए हैं। ऐसे में उनकी जंगली जानवारों के खाने की आशंका हो रही है।
सोमवार को गाय-बकरी चराने वाले और लकड़ी चुनने वाली महिलाओं ने घटना की जानकारी उसके परिवार को दी। निवेल के पुत्र जोहन सोरेन के अनुसार उसके पिता का कपड़ों के अलावा कुछ हड्डियां भी मिली हैं। कपड़ा देखकर उसने अपने पिता की पहचान की है। हड्डियां इकट्ठा कर जमीन में गाड़ दिया गया था। उसे भी जंगली जानवर खा गए। कामडारा थाना में मामला दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।