निकाय चुनावः 16 अप्रैल को सरकारी छुट्टी, हाई कोर्ट भी रहेगा बंद
नगर निगम चुनाव को लेकर रांची हाई कोर्ट भी मतदान के दिन बंद रहेगा।
रांची, जेएनएन। नगर निकाय चुनाव को लेकर आगामी 16 अप्रैल को राज्य के 34 निकायों में चुनाव और चार निकायों में उपचुनाव को लेकर सरकार ने सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर दी है।
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी करते हुए बताया है कि इस दौरान निकाय क्षेत्र के सभी प्रतिष्ठान एवं दुकानें बंद रहेंगी। निकाय क्षेत्र का मतदाता कहीं और कार्यरत रहा हो तो उसे भी छुट्टी का अधिकार होगा। यह अवकाश सवैतनिक होगा व सभी प्रकार के कर्मियों के लिए प्रभावी होगा।
हाई कोर्ट भी रहेगा बंद :
नगर निगम चुनाव को लेकर रांची हाई कोर्ट भी मतदान के दिन बंद रहेगा।
चुनाव को लेकर बनेंगे तीन कंट्रोल रूम
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त राय महिमापत रे ने सभी निर्वाची पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय सभा कक्ष में बुधवार को बैठक की। उन्होंने सभी निर्वाची पदाधिकारियों से ईवीएम कोषांग से ईवीएम को बूथ तक ले जाने तथा मतदान के बाद स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने तक होने वाली समस्याओं के विषय पर चर्चा की।
उपायुक्त ने मतदान के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में तीन कंट्रोल रूम स्थापित करने को निर्देश दिया, ताकि आवश्यकतानुसार 15 मिनट के अंदर बूथों में होने वाली समस्याओं को दूर किया जा सके। साथ ही उन्होंने सभी निर्वाची पदाधिकारियों से स्वास्थ्य एवं अग्निशमन के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के लिए जगह चिह्न्ति करने को कहा। उन्होंने कहा कि समय रहते आवश्यकतानुसार कर्मियों की संख्या बढ़ा लें।
डीसी ने ईवीएम सील करने की प्रक्रिया का लिया जायजा
नगर निकाय चुनाव को लेकर मोरहाबादी स्टेडियम में ईवीएम सील करने की प्रक्रिया बुधवार को भी जारी रही। इस मौके पर उपायुक्त राय महिमापत रे ने मोरहाबादी में ईवीएम सील करने की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने दिशानिर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था है। अगर और जरूरत पड़ी तो सुरक्षाकर्मी लगाए जाएंगे। उसके अलावा उन्होंने कार्य में तेजी लाने के लिए और अधिक कर्मियों को लगाने का निर्देश दिया। ज्ञात हो कि अभी करीब 65 जनसेवक पारा शिक्षक और टीचर ईवीएम सील करने के कार्य में लगे हुए हैं। निरीक्षण के दौरान सदर एसडीओ अंजली यादव ने उपायुक्त को ईवीएम से संबंधित व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
उन्होंने चुनाव संबंधित तैयारियों की जानकारी उपायुक्त को दी। ईवीएम सील कर रहे कर्मियों का भी ख्याल रखा गया है। उनके खाने-पीने का विशेष इंतजाम किया गया है। ईवीएम सील करने के लिए स्टेडियम में दस टेबल लगाए गए हैं। सभी टेबल में एक मास्टर ट्रेनर को भी प्रतिनियुक्त किया गया है। इस अवसर पर जिला उप-निर्वाचन पदाधिकारी गीता चौबे, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्वेता गुप्ता, सदर सीओ डॉ. धनंजय, कांके सीओ प्रभात भूषण सहित सभी वार्ड के निर्वाची पदाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे।