Govardhan Puja: आज है गोवर्धन पूजा, अभिजीत मुहूर्त में करें भगवान श्रीकृष्ण की पूजा
Govardhan Puja गोबर से बने गाेवर्धन पर्वत और गौ माता की भी आराधना होगी। मान्यता है कि भगवान को नया अन्न अर्पित करने के बाद ही खुद इसका सेवन करते हैं। पूजा के बाद जरूरतमंदों को दान दक्षिणा दिया जाता है।
रांची, जासं। आज से कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा आरंभ हो गया है। आज अन्नकूट व गोधर्वन पूजा होगी। गोबर से बने गोवर्धन पर्वत, गौ माता और श्रीकृष्ण-राधा की पूजा-अर्चना होगी। साथ ही, शहर के विभिन्न मंदिरों में अन्नकूट होगा। देवी-देवताओं को नए अन्न के मिष्ठान्न का भोग लगाया जाएगा। इसी को अन्नकूट पूजा कहा जाता है।
मान्यता है कि भगवान को नया अन्न अर्पित करने के बाद ही खुद इसका सेवन करते हैं। पूजा के बाद जरूरतमंदों को दान दक्षिणा दिया जाता है। पंडित वरुण मिश्रा के अनुसार रविवार को गोवर्धन पूजा पर अभिजीत मुहूर्त बन रहा है जो कि पूजा के लिए काफी शुभ है। 11.44 बजे से दोपहर 12.27 बजे तक अभिजीत मुहूर्त में पूजन करने से सर्वार्थसिद्धी होती है। जिस अभिलाषा से श्रद्धालु पूजा करते हैं, वह अवश्य पूरा होता है।
जगन्नाथ भगवान को 56 प्रकार का लगेगा भोग, चार बजे शुरू होगा अनुष्ठान
धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर में अन्नकूट अनुष्ठान उल्लासपूर्वक मनाया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। भगवान जगन्नाथ के लिए 56 प्रकार के मिष्ठान्न तैयार किए जा रहे हैं। मंदिर के मुख्य पुजारी ब्रजभूषण मिश्रा के अनुसार शाम चार बजे अन्नकूट पूजा आरंभ होगी। भगवान जगन्नाथ, माता लक्ष्मी, भाई बलराम और बहन सुभद्रा का गंगाजल से अभिषेक कराने के साथ अनुष्ठान आरंभ होगा। महाआरती के बाद मंदिर के रसोई में बने 56 प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। खासकर नए अन्न के व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं। पांच बजे पूजन समाप्त होगा। इसके बाद आम श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद बांटे जाएंगे।