प्रोजेक्ट शक्ति में बेहतर प्रदर्शन करनेवाले सम्मानित
रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रोजेक्ट शक्ति के तहत बेहतर प्रदर्शन करनेवाले जिलों के प्रभारियों को सम्मानित किया गया।
रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रोजेक्ट शक्ति के तहत बेहतर प्रदर्शन करनेवाले जिलों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष से सीधे जोड़नेवाले इस अभियान के तहत जिन जिलों में पांच हजार से अधिक सदस्य जोड़े गए वहां के प्रतिनिधियों को शॉल और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार, विधायक दल नेता आलमगीर आलम, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर उरांव और प्रोजेक्ट शक्ति के स्टेट को-ऑर्डिनेटर अजहर पप्पू विशेष तौर पर मौजूद थे।
प्रोजेक्ट शक्ति के जोनल को-ऑर्डिनेटर ईश्वर आनंद, हरिमोहन मिश्रा, संदीप तिग्गा को भी सम्मानित किया गया।
मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कहा कि प्रोजेक्ट शक्ति की टीम ने पूरी ईमानदारी और जोश के साथ अपने कार्यो को पूरा किया है।
उम्मीद की जानी चाहिए कि सभी मतदान केंद्र इससे जुड़ जाएंगे। फिलहाल 56 फीसद बूथ ही प्रोजेक्ट शक्ति से जुड़े हुए हैं।
डॉ. अजय ने कहा कि कांग्रेस में अच्छे काम करनेवाले लोगों को हर समय सम्मान मिलता है। अजहर पप्पू ने कहा कि यह राहुल गांधी की सबसे महत्वाकांक्षी योजना है।
शीघ्र ही झारखंड में हर बूथ पर प्रोजेक्ट शक्ति के प्रतिनिधि होंगे। जिन लोगों को सम्मानित किया गया उनमें हजारीबाग विधानसभा से रामाकांत सिंह, महगामा से दीपिका पांडेय सिंह, बाघमारा से रणविजय सिंह, मांडू से शिवलाल महतो, चतरा से प्रदीप कुमार, विश्रामपुर से अजय कुमार दुबे, बोकारो से संजय कुमार एवं महगामा से निरंजन कुमार सिन्हा के नाम शामिल हैं।
कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर, प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, रविंद्र सिंह, आभा सिन्हा आदि नेता उपस्थित रहे।