Betrayal In Love: प्रेमी से हुई तकरार, तो देखते ही देखते बड़ा तालाब में कूद गई प्रेमिका; जानें पूरा मामला
झारखंड की राजधानी रांची के बड़ा तालाब में फिर एक युवती ने कूदकर जान देने की कोशिश की। हालांकि उसे बचा लिया गया। अभी उसकी हालत खतरे से बाहर है।
रांची, जासं। बड़ा तालाब में फिर एक युवती ने कूदकर जान देने की कोशिश की। प्रेमी संग बैठकर बातचीत करने के दौरान प्रमिका से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद होने के बाद प्रेमिका ने अचानक बड़ा तालाब में छलांग लगा दी। युवती को तालाब में डूबता देख स्थानीय लोग और मछुआरे कूद पड़े। इसके बाद युवती को पानी से निकाला गया। निकालने के बाद युवती बेहोश हो चुकी थी। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई।
कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसे आन-फानन में इलाज के लिए रिम्स पहुंचाया। युवती फिलहाल रिम्स में इलाजरत है। उसकी स्थिति गंभीर है। इधर घटना के बाद मौके से प्रेमी फरार हो गया है। प्रेमी को कोई नहीं जानता। उसके बारे में पुलिस पता लगा रही है। युवती अरगोड़ा स्थित एक घर में घरेलू मेड है। मूल रूप से चान्हो की रहने वाली है। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। युवती की नानी जगन्नाथपुर के मौसीबाड़ी से रिम्स पहुंची। इसके बाद माता-पिता भी रिम्स पहुंचे हैं। युवती के पिता मजदूर हैं। रिम्स में सभी को रो-रोकर बुरा हाल था।
बता दें कि पहले भी रांची के बड़ा तालाब में लड़की के कूदने का मामला आ चुका है। तब भी काफी अफरातफरी मची थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन ऐसी घटनाएं देखने को मिल रहीं हैं। बड़ा तालाब के आसपास सुरक्षा की भी कमी दिखती है। पुलिस की नियमित रूप से पेट्रोलिंग नहीं होती। सुरक्षा के अभाव में अपराधी भयमुक्त हो जाते हैं। पुलिस की ओर से सुरक्षा नहीं दी जाती। लोगों का कहना है कि बड़ा तालाब इलाके में सुरक्षा पुख्ता होनी चाहिए।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप