Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand Coronavirus Updates: गिरिडीह में 154, देवघर में 131 नए कोरोना मरीज; झारखंड में कुल 11354 मामले

    By Sujeet Kumar SumanEdited By:
    Updated: Sat, 01 Aug 2020 01:30 PM (IST)

    Jharkhand Coronavirus Updates. शुक्रवार को 168 मरीजों ने कोरोना को मात दी। सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी का चालक कोरोना संक्रमति हुआ।

    Jharkhand Coronavirus Updates: गिरिडीह में 154, देवघर में 131 नए कोरोना मरीज; झारखंड में कुल 11354 मामले

    रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को 866 नए संक्रमित मिले। इनमें से सबसे ज्‍यादा गिरिडीह व देवघर में मिले हैं। वहीं, सीएम आवास और सीएमओ में भी कोरोना की एंट्री हुई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन का निजी चालक कोरोना संक्रमित पाया गया है। सीएमओ के ही एक आप्त सचिव भी पॉजिटिव मिले हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह दूसरी बार है, जब राज्य में एक ही दिन आठ सौ से अधिक मरीज मिले। इससे पूर्व 28 जुलाई को सर्वाधिक 867 केस सामने आए थे। शुक्रवार को दस संक्रमितों की मौत हुई है। राज्य में अबतक 136 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। राहत की बात यह कि 167 मरीज स्वस्थ हुए, इस तरह अब तक 4,314 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं।

    गिरिडीह में मिले सर्वाधिक केस

    शुक्रवार को गिरिडीह में सबसे अधिक 154 नए संक्रमित की पहचान हुई। वहीं, देवघर में भी 131 तथा रांची में 83 नए मामले मिले। कोरोना के कुल मामले अब 11 हजार से अधिक हो गए हैं। शुक्रवार को रिम्स में इलाजरत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों अन्य गंभीर रोग से पीडि़त थे। इनमें से एक रांची डोरंडा के मरीज को किडनी तथा दिल की बीमारी थी।

    वहीं, एक मरीज हजारीबाग तथा एक गढ़वा का था। गढ़वा का मरीज मधुमेह तथा हाई ब्लड प्रेशर से पीडि़त था। जमशेदपुर में पांच संक्रमितों ने दम तोड़ा है। वहीं, एक मौत चतरा में हुई। धनबाद में भी झरिया के एक 55 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर 6,904 हो गए हैं। वहीं 31 मार्च से लेकर अबतक इसके कुल 11,354 मामले आए हैं।

    सीएम आवास के सभी कर्मियों की होगी जांच

    निजी सचिव तथा चालक के संक्रमित होने से एक बार फिर सीएमओ तथा सीएम आवास में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। बता दें कि पिछले दिनों भी पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर तथा विधायक मथुरा महतो के संक्रमित पाए जाने के बाद मुख्यमंत्री आवास तथा सीएमओ के सभी कर्मियों की जांच कराई गई थी। हालांकि उस समय सभी निगेटिव पाए गए थे। एक बार फिर सीएम आवास में कार्यरत कर्मियों की जांच की जाएगी। आप्त सचिव की ट्रेवल हिस्ट्री है। वे हाल ही में पटना से लौटे थे और होम क्वारंटाइन में थे।

    कहां मिले कितने मामले आए

    गिरिडीह में 154, देवघर में 131, रांची में 83, जमशेदपुर में 105, चतरा में 46, कोडरमा में 43, दुमका में 41, गुमला में 36, लातेहार में 30, सिमडेगा में 23, बोकारो में 29, गोड्डा तथा प. सिंहभूम व सरायकेला में 20-20, रामगढ़ में 19, धनबाद 15, जामताड़ा में 14, पलामू में आठ, हजारीबाग तथा पाकुड़ में सात-सात, साहिबगंज में छह, गढ़वा, लोहरदगा तथा खूंटी में तीन-तीन नए मरीज मिले हैं।