जॉर्जिया विश्वविद्यालय झारखंड के मेडिकल छात्रों को देगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और शोध का अवसर
जॉर्जिया विश्वविद्यालय झारखंड के मेडिकल और नर्सिंग छात्रों को प्रशिक्षण और शोध में सहयोग करेगा। राज्य सरकार जल्द ही इस ...और पढ़ें

स्वास्थ्य मंत्री के साथ बैठक में बनी सहमति, शीघ्र होगा एमओयू पर हस्ताक्षर।
राज्य ब्यूरो, रांची। अमेरिका का प्रतिष्ठित जार्जिया विश्वविद्यालय झारखंड के मेडिकल एवं नर्सिंग छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण तथा शोध में सहयोग करेगा। झारखंड के मेधावी छात्र-छात्राओं को वहां प्रशिक्षण और शोध का अवसर प्राप्त होगा।
राज्य सरकार शीघ्र ही इसे लेकर इस विश्वविद्यालय के साथ एमओयू करेगी। मंगलवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की विश्वविद्यालय के इंटरनेशनल सेंटर फार पब्लिक पालिसी चार्ल्स आर हंकला एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें इसपर सहमति बनी।
इस बैठक में मेडिकल शिक्षा, नर्सिंग, पैरा मेडिकल, रिसर्च, आधुनिक स्वास्थ्य तकनीक एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान चार्ल्स ने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान उनकी टीम ने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था का अध्ययन किया है।
कहा कि रिम्स-2 जैसी परियोजना को एशियन डवलपमेंट बैंक (एडीबी) का सहयोग मिलना राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जार्जिया विश्वविद्यालय झारखंड के छात्रों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, रिसर्च और अकादमिक सहयोग उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में हब बन सकता है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जार्जिया विश्वविद्यालय जैसे विश्वस्तरीय संस्थान का झारखंड के साथ जुड़ना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
राज्य सरकार की स्कालरशिप योजना के माध्यम से झारखंड के मेधावी नर्सिंग एवं मेडिकल छात्रों को अमेरिका भेजने का प्रयास किया जाएगा, जहां वे एक वर्ष तक आधुनिक चिकित्सा तकनीक, एडवांस नर्सिंग, रिसर्च एवं स्किल डवलपमेंट का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
प्रशिक्षण पूरा कर ये छात्र वापस झारखंड लौटेंगे और राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।