रांची में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, दो गिरफ्तार
झारखंड की राजधानी रांची में दिनदहाड़े एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

जागरण संवाददाता, रांची। सदर थाना क्षेत्र के कोकर में महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या का सुराग मिला भी नहीं कि पंडरा ओपी क्षेत्र में एक बेटी दरिंदगी की शिकार हो गई। गनीमत है उसकी जान नहीं गई और वह पुलिस के पास पहुंच गई। निर्भया बनते-बनते बच गई। घटना 30 मई की है। 19 वर्षीय पीडि़ता ने पंडरा ओपी में चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। दो की तलाश जारी है।
डीएसपी कोतवाली भोला प्रसाद सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रातू के चटकपुर निवासी राकेश मुंडा व कमड़े निवासी राजा शामिल हैं। दोनों ने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। दो अन्य आरोपी दयाल मुंडा व रोहित अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी की कोशिश जारी है।
पीडि़ता की आपबीती रातू थाना क्षेत्र की रहनेवाली पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि 30 मई की दोपहर वह रातू से अपने दोस्त के घर पंडरा स्थित कृषि बाजार समिति जा रही थी। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे ऑटो से उतरकर वह जैसे ही अपने दोस्त के घर जाने लगी, तभी सरकारी विद्यालय के पास चारों युवकों ने उसे रोक लिया। उन लोगों ने उसका मुंह दबा दिया और स्कूल की छत पर ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना के बाद लड़की अपने दोस्त के यहां गई। वापस लौटने के दौरान एक होटल के पास चारों युवक फिर पहुंच गए। इसके बाद उसे बाइक पर जबरन बैठाकर दोबारा उसी स्थान पर ले गए। यहां वह शोर मचाने लगी। इस दौरान चारों युवक पर्स में रखे तीन सौ रुपये निकाल लिए और भाग निकले। पीडि़ता ने इसकी सूचना पंडरा ओपी को दी और चारों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।