Positive India: यहां भाेजन के साथ दिया जा रहा हाथ धोने का साबुन, खाने से पहले करवा रहे सैनिटाइज
Positive India. भोजन लेने आए लाभुकों का पंजीयन किया गया एवं उनके हाथों को सैनिटाइज भी किया गया। सेवा भारती की डॉली कुजारा ने लोगों के बीच हाथ धोने का साबुन वितरण किया।
रांची, जासं। कोरोना वायरस के प्रकोप और लॉकडाउन के हालात में गरीब-मजदूरों की स्थिति को देखते हुए सेवा भारती मुफ्त भोजन वितरण कर रही है। शनिवार को सेवा भारती प्रांतीय कार्यालय की ओर से बिरसा चौक, प्रकाश नगर, सेवा निकेतन परिसर में 274 जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन का वितरण किया गया। हालात को देखते हुए यहां लाभुकों की संख्या बढ़ सकती है।
सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने मास्क, ग्लब्स लगाकर बड़ी सावधानी एवं शारीरिक दूरी रखते हुए भोजन वितरण किया। साथ ही भोजन लेने आए लाभुकों का पंजीयन किया गया एवं उनके हाथों को सैनिटाइज भी किया गया। इस अवसर पर सेवा भारती की डॉली कुजारा ने लोगों के बीच हाथ धोने का साबुन वितरण किया। मौके पर लाभुकों ने कहा कि सेवा भारती का यह कार्य मानवता सेवा के लिए सराहनीय है। सेवा भारती हम गरीबों को इस भुखमरी से निजात दिला रही है।
सेवा भारती द्वारा यह भोजन वितरण कोरोनावायरस महामारी के परिप्रेक्ष्य में पूरे देश में लॉकडाउन के कारण दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालक, ठेला चालक, कबाड़ चुनने वालों, गरीब, अभावग्रस्त लोगों के लिए यह पुनीत कार्य किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण सेवा कार्य के लिए समाज का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। इस सेवा कार्य को सफल बनाने एवं प्रबंध-व्यवस्था अवलोकनार्थ के लिए राष्ट्रीय सेवा भारती के गुरुशरण प्रसाद, सेवा भारती, झारखंड के प्रांतीय सह सचिव ऋषि पांडेय, राधेश्याम अग्रवाल, गिरीश मल्होत्रा, पूनम आनंद, श्याम टोरका, अनिरुद्ध कुमार आदि उपस्थित रहे।