विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

25 साल बाद दबोचा गया चारा घोटाला का आरोपित सत्येंद्र कुमार, लखनऊ से गिरफ्तार कर लाया जा रहा रांची

Published: Fri, 23 Oct 2026 09:13 PM (IST)

चारा घोटाला मामले में 25 साल से फरार आरोपित सत्येंद्र कुमार को सीबीआई रांची ने लखनऊ रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार ...और पढ़ें

नेपाल में छुपकर रह रहा था, स्थाई वारंट निकलने के बाद से ही सीबीआइ कर रही थी तलाश।

नेपाल में छुपकर रह रहा था, स्थाई वारंट निकलने के बाद से ही सीबीआइ कर रही थी तलाश।

HighLights

  1. चारा घोटाला आरोपित सत्येंद्र कुमार 25 साल से फरार था।

  2. सीबीआई ने उसे लखनऊ रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया।

  3. नेपाल में छिपकर रह रहा था, अब रांची लाया जा रहा।

राज्य ब्यूरो, रांची। चारा घोटाला मामले में 25 साल से फरार आरोपित सत्येंद्र कुमार को सीबीआई रांची की टीम ने गुरुवार की रात उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई की टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर लखनऊ से रांची आ रही है। सीबीआइ ने चारा घोटाला मामले में वर्ष 2001 में चार्जशीट दाखिल की थी।

चार्जशीट दाखिल होने के बाद से ही सत्येंद्र कुमार फरार हो गया था। वह कोर्ट में ट्रायल के दौरान भी उपस्थित नहीं हुआ। मुकदमे का सामना करने के लिए वह अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद ही अदालत ने उसके विरुद्ध स्थाई वारंट जारी किया था।

सीबीआई लगातार उसकी भौतिक व तकनीकी निगरानी में लगी थी। खुफिया जानकारी के आधार पर पता चला कि वह नेपाल में छुपकर रह रहा है। इसी बीच सीबीआई को जानकारी मिली कि सत्येंद्र कुमार भारत में प्रवेश कर गया है और 22 अक्टूबर को ट्रेन से मध्य प्रदेश के गुना से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के लिए चलेगा।

इसी सूचना पर सीबीआई ने लखनऊ में जाल बिछाया। सीबीआई की एक विशेष टीम बनाई गई। सत्येंद्र के लखनऊ पहुंचने से पहले ही सीबीआइ की टीम ट्रेन के लखनऊ पहुंचने के पहले ही स्टेशन पर पहुंच गई थी।

गुरुवार की आधी रात को ट्रेन जैसे ही लखनऊ पहुंची, सीबीआई ने उसे दबोच लिया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर टीम रांची रवाना हो गई है। रांची में उसे सीबीआइ की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।