किराये का फ्लैट लेकर चलाता था देह व्यापार, वेबसाइट से होती थी बुकिग
जागरण संवाददाता रांची सदर थाना पुलिस ने देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए एक युवती सि
जागरण संवाददाता, रांची : सदर थाना पुलिस ने देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए एक युवती सहित तीन दलाल को दबोच लिया है। चेशायर होम रोड के विक्रमशिला अपार्टमेंट के एक फ्लैट से हजारीबाग निवासी अजय शर्मा एवं चतरा के सुंदर रजक को दबोचा गया।
शुक्रवार की रात पुलिस को देह व्यापार की गुप्त सूचना मिली थी। खबर की क्रास चेकिग के बाद साइबर डीएसपी यशोधरा, सुखदेव नगर थानेदार ममता कुमारी, सदर थानेदार वेंकटेश कुमार ने दल-बल के साथ विक्रमशील अपार्टमेंट में छापेमारी की। वहां से एक युवती व दो युवकों को पकड़ा गया। पुलिस ने गिरफ्तार युवकों की निशानदेही पर सरगना दिलीप को बरियातू थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने अपार्टमेंट से आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं।
युवक अपार्टमेंट में एक फ्लैट किराये पर लेकर देह व्यापार चलाते थे। सदर थाना इंस्पेक्टर वेंकटेश कुमार के अनुसार देह व्यापार का मुख्य सरगना दिलीप रजक है। वहीं, गिरफ्त में आई युवती मूलत: पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि पिछले 10 दिनों से रांची में रह रही है।
13 हजार रुपये मासिक पर लिया था फ्लैट
पुलिस के अनुसार जिस फ्लैट से तीनों को पकड़ा गया वह रवि नामक एक व्यक्ति का है। दिलीप रजक ने परिवार के साथ रहने की बात कहकर 13 हजार रुपये मासिक किराया पर ले रखा था। पिछले चार-पांच माह से यहां रह कर धंधा चलाता था।
वेबसाइट पर होती थी बूकिग, मोबाइल से लड़की को किया जाता था पेमेंट
देह व्यापार वेबसाइट के माध्यम से संचालित होता था। आरोपितों ने इसके लिए कॉल गर्ल रांची नामक वेबसाइट बना रखी थी। इसके माध्यम से ग्राहक दिलीप और उसके दलाल तक पहुंचते थे। फिर तय दिन और समय पर ग्राहक को विक्रमशिला अपार्टमेंट बुलाया जाता था। लड़की को मोबाइल फोन से पेमेंट किया जाता था।
नाम बदल कर रहता था रांची में
पुलिस के अनुसार देह व्यापार का मुख्य सरगना दिलीप रांची में काफी दिनों से धंधा चला रहा था। वह नाम बदलकर ग्राहकों से बात करता था। कभी खुद को दीपू तो कभी अपना नाम शिवा बताता था। अपना असली नाम किसी को नहीं बताता था।