Move to Jagran APP

झारखंड के खूंटी में पांच लड़कियों को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म

मानव तस्करी के खिलाफ जागरूक करने वाली पांच लड़कियों को अगवा कर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। घटना झारखंड के खूंटी की है।

By Sachin MishraEdited By: Published: Thu, 21 Jun 2018 01:24 PM (IST)Updated: Fri, 22 Jun 2018 11:23 AM (IST)
झारखंड के खूंटी में पांच लड़कियों को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म
झारखंड के खूंटी में पांच लड़कियों को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म

खूंटी/लोहरदगा, जेएनएन। झारखंड के खूंटी में मानव तस्करी के खिलाफ जागरूक करने वाली पांच लड़कियों को अगवा कर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। एसपी ने इस घटना की पुष्टि की है। इस घटना से पुलिस और प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच को डीआइजी खूंटी पहुंचे हैं।

loksabha election banner

दुष्‍कर्म की वारदात में पीएलएफआइ उग्रवादियों का हाथ होने की आशंका
खूंटी में पांच लड़कियों से दुष्‍कर्म मामले में पीएलएफआइ उग्रवादियों का हाथ होने की बात सामने आ रही है। लड़कियां एनजीओ आशा किरण सेल्‍टर होम से जुड़ी हुई हैं। यह एनजीओ इलाके में चाइल्‍ड लेवर, मानव तस्‍करी और बाल विवाह के खिलाफ इलाके में नुक्‍कड़ नाटक आदि के माध्‍यम से अभियान चलाता है। जिन लड़कियों से दुष्‍कर्म हुआ है, उनमें चार ईसाई और एक आदिवासी है। खूंटी पुलिस मामले की जांच में लग गई है।

एसपी के अनुसार, कोचांग में जहां ये लड़कियां रहती थीं वहां तोड़फोड़ भी की गई है। एक पीड़िता की मेडिकल जांच हो गई है। डीआइजी और उपायुक्‍त ने पीड़िता से खूंटी थाने में पूछताछ भी की है। पुलिस का दावा है कि शीघ्र ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

गौरतलब है कि खूंटी में हाल में पुलिस प्रशासन की पकड़ ढीली हुई है। यहां पत्‍थलगड़ी के नाम पर गांवों में पुलिस और प्रशासन को प्रवेश से रोका जाता है। ऐसे में यहां असामाजिक तत्‍व सक्रिय हैं। खूंटी जिले से मानव तस्‍करी की शिकायतें अक्‍सर आतीं सामने। यहां की बेटियों को महानगरों में बेचा जाता है। वहां वे घरों में दाई का काम करती हैं। उनके शारीरिक शोषण के भी कई मामले सामने आए हैं। इसे लेकर ही यहां जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। 

लोहरदगा में नाबालिग से पांच लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
लोहरदगा के सेन्हा में नाबालिग के साथ पांच लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इस सिलसिले में नाबालिग की मां ने पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी। सेन्हा थाना क्षेत्र में आयोजित शादी समारोह से लौट रही नाबालिग के साथ मंगलवार की रात दुष्कर्म की घटना घटी। नाबालिग बुधवार को मां के साथ सेन्हा थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी से थानेदार को अवगत कराते हुए पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई। सेन्हा थाना प्रभारी जगरनाथ उरांव ने पीडि़ता की मां के बयान पर कांड अंकित कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा।

सेन्हा के एक गांव में शादी समारोह था। जहां पर बराती के साथ-साथ ग्रामीण व आसपास के लोग शामिल होकर नाच-गान करते हुए मस्ती कर रहे थे। समारोह में नाबालिग भी गई हुई थी, जहां से रात करीब एक बजे वह घर लौट रही थी। इसी दौरान पांच लोग नाबालिग को वहां से उठा ले गए कुंदगड़ी से जमीरा जाने वाले रास्ते में करंज बांध तालाब के पास ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बदहवास नाबालिग किसी तरह घर पहुंची और अपनी मां मामले की जानकारी दी। फिर पीड़िता की मां ने सेन्हा थाना पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) आशीष कुमार महली, इंस्पेक्टर जेपीएन चौधरी, महिला थाना प्रभारी किरण कुमारी टोप्पो एवं सेन्हा थाना प्रभारी जगरनाथ उरांव घटना स्थल पहुंचकर मामले की पड़ताल की।

पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी ने बताया कि दुष्कर्म की घटना को अंजाम देते समय आरोपित संजय-संजय की आवाज दे रहे थे। पीड़िता की मां ने आशंका व्यक्त करते हुए कहा है कि संजय नाम के व्यक्ति के अलावा अन्य चार लोगों ने मिलकर उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। डीएसपी आशीष कुमार महली ने कहा कि पुलिस हर बिंदु पर जांच-पड़ताल कर रही है। शीघ्र ही सभी आरोपित गिरफ्तार होंगे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.