यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 21, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
MS धौनी के इजा फार्म का रांची में खुला पहला आउटलेट, ग्राहकों की उमड़ी भीड़
MS Dhoni EEJA Farms Opened in Ranchi क्रिकेट के बाद धौनी के किसानी अवतार को भी लोगों को बड़ा प्यार ...और पढ़ें

रांची, जासं। MS Dhoni EEJA Farms Opened in Ranchi टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के इजा फार्म के नए आउटलेट का उद्घाटन रविवार को रांची में हुआ। इस आउटलेट का उद्घाटन रांची के मेन रोड में सुजाता चौक के पास हुआ है। इस आउटलेट का उद्घाटन धौनी के सबसे करीबी दोस्त परमजीत सिंह ने किया। इस मौके पर उनके कई अन्य दोस्त भी मौजूद थे। धौनी के फार्म की सब्जियों की बाजार में भारी डिमांड है। अभी तक धौनी की जो आर्गेनिक सब्जियां केवल विदेश जा रहीं थी, अब रांची के लोगों के लिए उपलब्ध होंगी।

पहले दिन उद्घाटन के बाद चार घंटे में ही आउटलेट में लाई गई आधे से ज्यादा उत्पाद की बिक्री हो गई। हालांकि इससे पहले लालपुर में एक आउटलेट से इजा फार्म के दूध की होम डिलिवरी की जा रही थी। महेंद्र सिंह धौनी के प्रशंसकों की दिवानगी आउटलेट में देखने को मिली। इजा फार्म आउटलेट के उद्घाटन के साथ ही लोगों की भारी भीड़ वहां खरीदारी के लिए जुटी।

क्रिकेट के बाद धौनी के किसानी अवतार को भी लोगों को बड़ा प्यार मिल रहा है। रांची में खुले इजा फार्म के इस आर्गेनिक आउटलेट में सब्जी, फल के अलावा डेयरी उत्पादों को भी बिक्री के लिए रखा गया है। पहले ही दिन इस फार्म में ग्राहकों ने जबर्दस्त खरीदारी की। उनके उत्पाद गुणवत्ता के साथ किफायती भी हैं। इजा फार्म के इस आउटलेट पर 50 रुपये किलो मटर, 60 रुपये किलो शिमला मिर्च, 15 रुपये किलो आलू, 25 रुपये किलो ओल, 40 रुपये किलो बींस और पपीता, ब्रोकली 25 रुपये किलो मिल रहा है।


इसके अलावा दूध 55 रुपये लीटर और घी 300 रुपये में 250 ग्राम की दर से बेचा जा रहा है। इसके अलावा धौनी के फार्म में उत्पादित स्ट्राबेरी के 200 ग्राम का डब्बा 40 रुपये में खरीद सकते हैं। रांची में धोनी का 43 एकड़ फार्म हाउस है। यहां सब्जी और फलों की खेती हो रही है।
