Firing in Palamu: पलामू के छतरपुर में शिवायल कंस्ट्रक्शन कंपनी से रंगदारी के लिए फायरिंग... दहशत में कर्मचारी; जांच में जुटी पुलिस
Firing in Palamu पलामू के छतरपुर में निर्माण कार्य में लगी शिवालय कंस्ट्रक्शन कंपनी से रंगदारी के लिए सोमवार देर रात मसिहानी पुनर्वास में अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की। इस घटना के बाद कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी दहशत में हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छतरपुर (पलामू), संसू। Firing in Palamu पलामू के छतरपुर में हरिहरगंज से सिलदाग के बीच एनएच-98 के निर्माण कार्य में लगी शिवालय कंस्ट्रक्शन कंपनी से रंगदारी के लिए सोमवार देर रात मसिहानी पुनर्वास में अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की। फायरिंंग टिंकू कुमार के घर को निशाना बनाकर की गई। हालांकि किसी को गोली नहीं लगी है। इस घटना के बाद कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी दहशत में हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटनास्थल पर मिले खोखा
टिंकू साव के घर में कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारी रहते हैं। सोमवार रात 11 बजे के करीब बाइक पर सवार हो कर दो अपराधी आए और फायरिंग कर भाग निकले। मकान मालिक टिंकू साव ने छतरपुर थाना को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर मामले की जांच की। घटनास्थल पर दो खोखा मिले। घटना स्थल छतरपुर डीएसपी आवास से थोड़ी दूर पर स्थित है। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। इसमें दो बाइक सवार फायरिंग कर भागते हुए दिख रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान में जुट गई है।
घटना के बाद डरे हुए हैं कंपनी के कर्मचारी
घटना को शिवालय कंस्ट्रक्शन कंपनी से रंगदारी वसूली के लिए दहशत फैलाने के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस कंस्ट्रक्शन कंपनी के मैनेजर से भी घटना की जानकारी ले रही है। मैनेजर संजय कंकड़म का कहना है कि उससे किसी ने रंगदारी की मांग नहीं की है। इस घटना के बाद कंपनी के कर्मचारी डरे हुए हैं।