खेत में करंट लगने से पिता की मौत, बेटा मदद को चिल्लाता ही रह गया Lohardaga News
Jharkhand. घटना स्थल पर पहुंचकर कैरो थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
लोहरदगा, जासं। लोहरदगा जिले के कैरो थाना क्षेत्र के सढ़ाबे गांव में सिंचाई के क्रम में करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हो गई। बताया जाता है कि बालचंद साहू के पुत्र रतन साहू (47) मुड़ा गढ़ा स्थित अपने खेत में सिंचाई के लिए गए थे, जहां सिंचाई के लिए बिजली तार जोड़ने का काम कर रहे थे। इसी क्रम में रतन साहू करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के समय उसका आठ वर्षीय पुत्र उमेश भी साथ में था। करंट लगने के बाद पिता को छटपटाता देख उसका बेटा जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
बच्चे की आवाज सुनकर जब तक कुछ लोग जमा हुए, तब तक वह दम तोड़ चुका था। करंट से रतन की मौत की सूचना परिजनों ने कैरो थाना पुलिस को दी। इसके बाद घटना स्थल पर पहुंचकर कैरो थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। रतन खेती कर पूरे परिवार की परवरिश करता था। वह अपने पीछे पत्नी एक पुत्र व चार पुत्रियों को छोड़ चल बसा। इसमें एक पुत्री की शादी हो चुकी है। करंट की चपेट में आने से रतन की मौत के बाद पत्नी, बच्चे एवं परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से क्षेत्र में भी शोक की लहर है।