कभी किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता
रांची कोरोना संकट के बीच फैली नकारात्मकता के बीच कई कलाकार अपने गीत
जागरण संवाददाता, रांची : कोरोना संकट के बीच फैली नकारात्मकता के बीच कई कलाकार अपने गीतों से लोगों के बीच उमंग भर रहे हैं। इसी बीच दैनिक जागरण की ओर से शनिवार शाम मशहूर गायिका शालिनी अखौरी जागरण ब्रांड पेज पर लाइव आईं। इस दौरान उन्होंने दर्शकों से कई बातें साझा कीं। अपने फेसबुक लाइव की शुरुआत उन्होंने ऐ मालिक तेरे बंदे हम गीत से की। इसके बाद उन्होंने जीवन क्या है चलता फिरता एक खिलौना है, कभी किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता, दिल के अरमां आंसुओं में बह गए गीत गाए। इसके बाद हमें जबसे मोहब्बत हो गई है, ये दुनिया खूबसूरत हो गई है, अंखियों के झरोखे से आदि गीतों से श्रोताओं का मनोरंजन किया।
बचपन से ही संगीत में रूचि रखने वाली शालिनी ने दैनिक जागरण का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि लॉकडाउन के इस दौर में अपने श्रोताओं से जिस प्रकार संस्थान ने रूबरू कराया है वह तारीफ के काबिल है। लाइव के दौरान उन्होंने कोरोना से जुड़ा एक गीत भी श्रोताओं को सुनाया।
मगध विश्वविद्यालय औरंगाबाद से संगीत में प्रभाकर कर चुकीं शालिनी अखौरी भोजपुरी तथा नागपुरी की गायिका हैं। वे गजल भी गाती हैं। शादी के बाद कुछ वक्त के लिए उनका गायन छूट गया लेकिन अब वह फिर से गायन की दुनिया में सक्रिय हो गई हैं और अपने शानदार गीतों से लोगों का मनोरंजन कर रही हैं।
---
भोजपुरी फिल्मों के स्टार राकेश मिश्रा आज होंगे फेसबुक लाइव
जागरण संवाददाता, रांची : दैनिक जागरण ब्रांड झारखंड के फेसबुक पेज पर रविवार शाम 5 बजे सुपर स्टार राकेश मिश्रा लाइव होंगे। अब तक 40 फिल्में कर चुके राकेश का जीवन काफी संघर्षमय रहा है। उनके घर वाले नहीं चाहते थे कि वह गायक क्षेत्र में अपना करियर बनाएं। अपनी पहली एल्बम 2006 में ए राजऊ हो किए उसके बाद बहुत सारी एल्बम हिट पे हिट हुई। लोग काफी पसंद करने लगे। इसके बाद वो गायक से नायक बने। 2013 में उनकी पहली फिल्म आई प्रेम दीवानी जिसे लोगों का खूब प्यार मिला। राकेश मिश्रा अब तक कुल 40 फिल्में कर चुके हैं। आप उनसे जुड़कर सुरीले गीतों का आनंद ले सकते हैं तथा अपने मनपसंद सवाल पूछ सकते हैं।