हजारीबाग में केरोसिन में विस्फोट से दहशत में लोग, दो की मौत; जांच को पहुंची फॉरेंसिक टीम
Explosion in Kerosene Oil in Hazaribagh हजारीबाग में 13 जनवरी को आर्मी ट्रेडिंग कंपनी से 11774 लीटर केरोसिन तेल आया था। इसके वितरण पर रोक लगाई गई है। 20 से 25 डीलरों को इसका आवंटन किया गया है। आपूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव शांतनु अग्रहरि जांच को पहुंचे हैं।
हजारीबाग, जासं। Explosion in Kerosene Oil in Hazaribagh हजारीबाग में केरोसिन तेल में विस्फोट से लोग दहशत में हैं। पीडीएस के केरोसिन से अब तक अलग-अलग स्थानों पर आधा दर्जन विस्फोट हो चुके हैं। वहीं दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। इधर, जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई है। जागरण पड़ताल में यह बात सामने आई है कि 9 फरवरी की रात सदर प्रखंड के डूमर गांव में पहला विस्फोट हुआ था। इसमें राम प्रवेश सिंह की 70 वर्षीय मां देवंती देवी दीया में तेल डालते समय बुरी तरह से झुलस गई थीं। 15 फरवरी को उनकी मौत हो गई।
वहीं 14 फरवरी की शाम चुटियारो पंचायत के पारडीह में केदार राम की दो वर्षीय बच्ची सुषमा भी ढिबरी में हुए धमाके की चपेट में आ गई थी। रिम्स में इलाज के क्रम में सुषमा ने 16 फरवरी को दम तोड़ दिया था। छह घटनाओं में आठ लोग घायल हो चुके हैं। वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटना के बाद प्रशासनिक अमला सकते में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची से आपूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव शांतनु अग्रहरि व फारेंसिक विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची है। लोगों से घटना की जानकारी लेने बाद अमनारी डीलर नागेश्वर प्रसाद व चुटियारो के डीलर से केरोसिन तेल का सैंपल जांच के लिए अपने साथ ले गए। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री ने भी घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।
विस्फोट में अपनी बेटी की खोने वाली यशोदा देवी से पूछताछ करते अपर सचिव व अन्य। जागरण
जांच टीम को अमनारी निवासी तुलसी ठाकुर ने बताया कि सोमवार की शाम करीब छह बजे बिजली कट जाने के कारण लालटेन जलाया गया था। मेरी बहू सबिता देवी लालटेन में तेल डाल रही थी। जैसे ही लालटेन में तेल डालना शुरू किया, वैसे ही केरोसिन तेल के डब्बे में आग लग गई और विस्फोट हो गया। इसमें मेरे दो पोता पवन कुमार, आयुष कुमार और मेरी बहू पूरी तरह झुलस गई। उसी गांव की रंजीता देवी पति सुदर्शन प्रसाद भी ढिबरी के फट जाने से झुलस गई। अपर मुख्य सचिव ने घटना को काफी गंभीर बताया है।
13 जनवरी को आया था 11,774 लीटर केरोसिन, आवंटन पर रोक
छानबीन में पता चला है कि हजारीबाग सदर प्रखंड क्षेत्र में पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) की दुकानों में आवंटन के लिए 13 जनवरी को 11,774 लीटर केरोसिन आर्मी ट्रेडिंग कंपनी के माध्यम से पहुंचा था। इसे 35 पीडीएस दुकानों में भेजा गया है। ट्रेडिंग कंपनी के द्वारा रांची से इसका उठाव किया गया था। केरोसिन में विस्फोट की सूचना के बाद सभी पीडीएस दुकानों से केरोसिन के वितरण पर रोक लगा दी गई है। सभी दुकानों में इसकी सूचना भी चिपका दी गई है। रांची से पहुंची आइओसीएल की टीम भी इसका सैंपल लेकर गई है। हजारीबाग के उपायुक्त आदित्य कुमार आनंद ने बताया कि तेल में किसी प्रकार का केमिकल रिएक्शन हुआ या मिलावट हुई, यह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
मुआवजे की मांग
मुखिया संघ के सचिव अनूप कुमार ने जख्मी परिवारों के लिए आप्त सचिव और डीसी से मुआवजा की मांग की है। इन्होंने इलाज में हुए खर्च के अलावा मृत व्यक्ति के लिए पांच लाख रुपये एवं जख्मी के लिए ढाई लाख रुपये की मांग की है।
'जांच के लिए सैंपल लिया गया है। आवंटन पर रोक लगा दी गई है। आइओसीएल की टीम भी जांच कर सैंपल ले गई थी। तेल में किसी प्रकार का केमिकल रिएक्शन हुआ है या मिलावट हुई है, यह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।' -आदित्य कुमार आनंद, उपायुक्त हजारीबाग।
'जानकारी मिलने के बाद विभाग को इस मामले में पड़ताल करने का निर्देश दिया गया है। फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की रिपोर्ट भी तलब की गई है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।' -डाॅ. रामेश्वर उरांव, खाद्य आपूर्ति मंत्री, झारखंड सरकार।