Move to Jagran APP

हजारीबाग में लैंप में केरोसिन तेल डालने के दौरान 3 घरों में विस्फोट, 5 लोग घायल

Hazaribagh Jharkhand News हजारीबाग में तीन अलग-अलग जगह केरोसिन तेल डालने के दौरान विस्‍फोट हुआ। घायलों में दो महिला और एक बच्चा भी शामिल है। इसमें से तीन गंभीर हैं। बताया गया कि विस्‍फोट की आवाज 100 मीटर दूर तक सुनी गई।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Tue, 16 Feb 2021 06:36 PM (IST)Updated: Tue, 16 Feb 2021 07:29 PM (IST)
हजारीबाग में लैंप में केरोसिन तेल डालने के दौरान 3 घरों में विस्फोट, 5 लोग घायल
विस्‍फोट से घायल बच्‍चे को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

हजारीबाग, जासं। हजारीबाग सदर प्रखंड के अमनारी में सोमवार रात व मंगलवार सुबह लैंप में केरोसिन तेल डालने के क्रम में अलग-अलग घटनाओं में हुए धमाके में पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों में दो महिलाएं और दो बच्चे और एक युवक शामिल है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। पहली घटना ऊपर टोला के बसंत ठाकुर के घर की है। यहां एक परिवार के तीन लोग झुलस गए। इनमें बसंत ठाकुर की 35 वर्षीय पत्नी सविता देवी, उनके दो बेटे 15 वर्षीय पवन कुमार और 11 वर्षीय आयुष कुमार है।

loksabha election banner

दूसरी घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की है। गांव में लैंप में कूप्पे से तेल डाल रही परमेश्वर महतो की बेटी ललिता देवी अचानक विस्फोट होने से झुलस गई। तीसरी घटना मंगलवार सुबह करीब छह बजे की है। बोरसी में आग ताप रहे महेंद्र यादव के बेटे सन्नी यादव भी तेल डालने के क्रम में हुए विस्फोट की चपेट में आकर झुलस गए।

इधर सोमवार रात में लगातार दो विस्फोट के बाद गांव में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन ग्रामीणों की सहायता से घायलों को अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल मां और उनके दो बेटे को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। घटना के बाद से गांव में केराेसिन तेल को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है।

घायलों के पहुंचने पर मेडिकल कॉलेज में मची चीख पुकार

सदर प्रखंड के अमनारी में सोमवार रात दोनों घटनाएं जलती लैंप में तेल डालने के क्रम में तथा तीसरी घटना आग सेंकने के लिए रखे बोरसी में तेल डालने के क्रम में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग केवल लैंप और दीये में ही नहीं, बल्कि उस डब्बे में भी हुआ, जिससे तेल डाला जा रहा था। यह पहला मौका है जब इस तरह की घटनाएं हुई। विस्फोट की आवाज करीब 100 मीटर दूूर तक सुनी गई।

बीडीओ ने लिया जायजा, एमओ ने लिया तेल का सैंपल

पूरे घटनाक्रम में हजारीबाग उपायुक्त के निर्देश पर घटनास्थल पर पहुंचे सदर बीडीओ अमिताभ भगत ने घटना की जानकारी ली। वहीं एमओ सदर ने तेल का सैंपल लेकर जांच के लिए रांची भेज दिया है।

14 की रात भी हुआ था विस्फोट, दो साल की बच्ची ने तोड़ा था दम

लैंप में तेल डालने के क्रम में सदर प्रखंड के चुटियारो में 14 फरवरी को भी विस्फोट हो गया था। तब इसे सामान्य घटना करार दिया गया था। इस घटना में दो साल की बच्ची सुषमा कुमारी पिता केदार राम और तेल डाल रही उसकी मां जल गई थी। नन्हीं सुषमा की इलाज के क्रम में 16 फरवरी मंगलवार को मौत हो गई, वहीं उसकी मां का इलाज चल रहा है।

मुखिया ने उठाई मुआवजे की मांग

पूरे मामले में अमनारी मुखिया अनूप कुमार ने सरकार से मृतक को दस लाख रुपये व घायलों को सरकारी खर्च पर इलाज कराने के अलावा पांच लाख रुपये देने की मांग की है। वहीं मुखिया की सूचना पर मध्य रात्रि पहुंचे सदर विधायक के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी घायलों को लेकर दौड़ लगाते दिखाई दिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.