पूर्व मंत्री एनोस एक्का जेल से बाहर निकले, कोलेबिरा में समर्थकों ने फूल-माला से लादा Ranchi News
पारा शिक्षक मनोज कुमार की हत्या के मामले में रांची के बिरसा मुंडा जेल में सजा काट रहे पूर्व मंत्री एनाेस एक्का को झारखंड हाई कोर्ट ने बीते दिन सशर्त जमानत दी है।
रांची, जेएनएन। झारखंड हाई कोर्ट से राहत मिलने के बाद पूर्व मंत्री एनोस एक्का जेल से बाहर आ गए हैं। शिक्षक हत्याकांड में जमानत मिलने के बाद वे मंगलवार को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से बाहर निकले। बीते दिन हाई कोर्ट के जस्टिस एके गुप्ता व जस्टिस राजेश कुमार की अदालत ने उन्हें सशर्त जमानत दी थी। एनोस एक्का को अपना पासपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया था। एनोस एक्का कोर्ट की अनुमति के बिना झारखंड से बाहर नहीं जा सकेंगे। उन्हें गवाहों को किसी प्रकार से प्रभावित नहीं करने का भी सख्त आदेश दिया गया है।
एनोस एक्का वर्ष 2014 के सिमडेगा के पारा शिक्षक मनोज कुमार को उनके स्कूल से अगवा कर हत्या करने के मामले में सजायाफ्ता हैं। तब शिक्षक का शव स्कूल के पास से ही बरामद हुआ था। इस मामले में पुलिस ने 26 नवंबर 2014 की रात करीब डेढ़ बजे पूर्व मंत्री एनोस एक्का को उनके ठाकुरटोली आवास से गिरफ्तार किया था। आरोप है कि एनोस ने चुनाव के दौरान अपने पक्ष में प्रचार नहीं करने पर पारा शिक्षक को धमकी दी थी और बाद में एनोस ने उग्रवादियों के सहयोग से पारा शिक्षक की हत्या करा दी।
पूर्व मंत्री एनोस एक्का को पारा शिक्षक मनोज कुमार की हत्या के मामले में निचली अदालत ने तीन जुलाई 2018 को उम्र कैद की सजा सुनाई है। उनकी ओर से निचली अदालत के आदेश के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील दाखिल कर जमानत देने की गुहार लगाई गई थी। जमानत मिलने के बाद एनोस एक्का मंगलवार को जेल से बाहर निकल गए हैं।
पूर्व विधायक एनोस का कोलेबिरा में हुआ भव्य स्वागत
पारा शिक्षक हत्यकांड मामले में हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पूर्व विधायक को एनोस एक्का पूरे काफिला के साथ सिमडेगा के कोलेबिरा पहुंचे।यहां पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल माला से लाद दिया। मौके पर पूर्व विधायक ने भावुक होते हुए कहा कि जनता ने उनका पूरा साथ दिया है। वे आजीवन उनकी सेवा करते रहेंगे। पूर्व विधायक कई जगहों का दौरा करते हुए सिमडेगा देर शाम में पहुंचेंगे।