अब घर बैठे कराएं अपनी बीमारी का इलाज, विशेषज्ञ डॉक्टरों से लें सलाह; झारखंड में लांच हुआ ई-संजीवनी
esanjeevaniopd Launched in Jharkhand भारत सरकार की ओर से शुरू की गई ई-टेली मेडिसिन सेवा झारखंड में भी ई-संजीवनी ओपीडी लांच कर दी गई है।
रांची, राज्य ब्यूरो। esanjeevaniopd Launched in Jharkhand लॉक डाउन में अब घर बैठे चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श ले सकते हैं। इसके लिए भारत सरकार की ई टेलीमेडिसिन सेवा 'ई संजीवनी ओपीडी' झारखंड में भी शुक्रवार को शुरू हो गई। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने इसकी ऑनलाइन लॉंचिंग की। ई-संजीवनी ओपीडी के माध्यम से कोई भी व्यक्ति इससे जुड़कर ऑडियो एवं वीडियो के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से चिकित्सीय सलाह एवं दवा की जानकारी ले सकता है। इसके माध्यम से ई- पर्ची भी प्राप्त की जा सकती है।
ई-संजीवनी ओपीडी सेवा की सुविधा सोमवार से शनिवार तक सुबह 11 बजे से अपराह्न एक बजे तथा शाम तीन बजे से पांच बजे तक अपने घर से मुफ्त प्राप्त की जा सकेगी। वर्तमान में आठ डॉक्टरों द्वारा झारखंड के विभिन्न जिलों में यह सुविधा दी जाएगी। झारखंड देश का 12वां राज्य है जिसने ई संजीवनी ओपीडी सेवा के माध्यम से चिकित्सीय परामर्श देना शुरू किया है।
इसके तहत वेबसाइट ईसंजीवनीओपीडी डॉट इन पर कोई भी व्यक्ति अपना रजिस्ट्रेशन कर यह सेवा प्राप्त कर सकता है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोरोना संकट में इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी। इस मौके पर स्वास्थ्य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड के निदेशक डॉ शैलेश कुमार चौरसिया तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।