Employment News: झारखंड के विश्वविद्यालयों में ढाई हजार सहायक प्राध्यापकों व एक हजार कर्मियों की होगी बहाली
Employment News Jharkhand सहायक प्राध्यापकों के आरक्षण रोस्टर की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की अनुशंसा जेपीएससी को शीघ्र भेजी जाएगी। कर्मियों की नियुक्ति के लिए रांची विश्वविद्यालय के पेंच दुरुस्त करने की कवायद है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Employment News Jharkhand मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापकों और शिक्षकेतर कर्मियों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने निर्देश दिए हैं। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग नियुक्ति की तैयारी को अंतिम रूप देने में जुट गया है। यह नियुक्ति झारखंड लोक सेवा आयोग में वर्तमान में चल रही वर्तमान नियुक्ति से अलग होगी। राज्य के विश्वविद्यालयों में अभी सहायक प्राध्यापकों के लगभग ढाई हजार पदों पर नियुक्ति के लिए आरक्षण रोस्टर की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
उच्च शिक्षा निदेशक ए मुत्थु कुमार के अनुसार शीघ्र ही झारखंड लोक सेवा आयोग को नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की अनुशंसा भेज दी जाएगी। इधर, शिक्षकेतर कर्मियों की नियुक्ति में सबसे बड़ा पेंच रांची विश्वविद्यालय को लेकर है। यहां स्वीकृत पदों को लेकर कुछ पेंच है, जिसे सुलझाया जा रहा है। अन्य विश्वविद्यालयों से नियुक्ति के लिए पदों की संख्या उच्च शिक्षा निदेशालय को मिल गई है।
रांची विश्वविद्यालय से रोस्टर के आधार पर रिक्तियां मिलने के बाद पांचों विश्वविद्यालयों (रांची विश्वविद्यालय, कोल्हान विश्वविद्यालय, विनोबा भावे विश्वविद्यालय, नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय तथा सिदो कान्हू विश्वविद्यालय) में तृतीय श्रेणी के रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने की अनुशंसा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) को भेजी जाएगी। पांचों विश्वविद्यालयों में तृतीय श्रेणी के लगभग एक हजार पदों पर नियुक्ति होगी। पहली बार विश्वविद्यालयों में शिक्षकेतर कर्मियों की नियुक्ति झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से होगी।
1,118 पदों पर नियुक्ति की चल रही प्रक्रिया
राज्य के पांचों विश्वविद्यालयों में विभिन्न विषयों में सहायक प्राध्यापक के 1,118 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। इनमें 566 बैकलॉग तथा 552 नियमित नियुक्ति हैं। बैकलॉग पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जबकि नियमित नियुक्ति के लिए शीघ्र ही साक्षात्कार आयोजित होने की संभावना है। बैकलॉग पदों में कुछ विषयों में नियुक्ति की अनुशंसा हो चुकी है।