अनगड़ा में तीन माह से घायल हाथी की मौत
अनगड़ा आखिरकार तीन माह से घायल हाथी ने बुधवार को हापादाग जंगल में दम तोड़ दिया। हाथी के म
अनगड़ा : आखिरकार तीन माह से घायल हाथी ने बुधवार को हापादाग जंगल में दम तोड़ दिया। हाथी के मरने की सूचना मिलते ही महिलोंग क्षेत्र के रेंजर आरके सिंह अपनी टीम के साथ हापादाग जंगल पहुंचे। वैदिक विधि-विधान से पहाड़सिंह गांव के पाहन प्रेमलाल मुंडा ने हाथी का अंतिम संस्कार कराया। हाथी के अंतिम संस्कार के बाद वन विभाग के अधिकारियों व ग्रामीणों ने शोकसभा कर उसकी आत्मा की शाति के लिए प्रार्थना भी की। हापादाग जंगल में किए गए अंतिम संस्कार से पूर्व वन विभाग के द्वारा डेढ़-डेढ़ फीट के हाथी के दोनों दातों को काटकर जब्त कर लिया गया। अंतिम संस्कार के मौके पर रेंजर सहित पूरे ग्रामीणों की आखें नम थीं। इस मौके पर वनपाल बिनोद कुमार, जयप्रकाश साहू, छत्रपति गोराई, असहर जया सहित बिनोद यादव, सुशील यादव व अन्य उपस्थित थे।
----
तीन ही पैर से चला रहा था गजराज, हमले में हुआ था जख्मी
तीन माह से उक्त हाथी तीन पैर पर चल रहा था। आगे के बाएं पैर में गहरा जख्म हो गया था। घाव से लगातार मवाद निकल रहा था। घाव लगातार दुर्गंध दे रहा था। इस कारण हाथी चल नहीं पाता था। एक माह से वह हापादाग जंगल में ही था। कुछ भी खाने-पीने में असमर्थ था। लगातार कराहता रहता था। घायल हाथी को वन विभाग ने बचाने का गंभीर प्रयास किया था। पर, उसे बचाया नहीं जा सका। ज्ञात हो कि एक माह पूर्व बुंडू के पास हाथियों ने एक व्यक्ति को मार दिया था। उसी वक्त ग्रामीणों के हमले में यह हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया था।