तीन चक्र के बाद 45 मिनट क्यों रोकी काऊंटिग
रायडर : निर्वाचन आयोग से मतगणना प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच की मांग --- विवाद - मुख्य विपक्षी
रायडर : निर्वाचन आयोग से मतगणना प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच की मांग
---
विवाद
- मुख्य विपक्षी दल झामुमो ने मतगणना पर उठाई उंगली
- रांची के महापौर व उप महापौर की मतगणना में गड़बड़ी का मढ़ा आरोप
राज्य ब्यूरो, रांची : झारखंड के मुख्य विपक्षी दल झामुमो ने रांची नगर निगम के महापौर और उप महापौर पद के लिए हुए चुनाव में भारी गड़बड़ी की आशंका जताई है। 20 अप्रैल को इन पदों के लिए हुई काउंटिंग प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने मतगणना प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच की मांग राज्य निर्वाचन आयोग से की है। इस मसले पर सोमवार को झामुमो का शिष्टमंडल राज्य निर्वाचन आयुक्तएनएन पांडेय से मिला और उन्हें शिकायत पत्र सौंपा।
पार्टी प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य के हस्ताक्षर से सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि महापौर और उप महापौर पद से संबंधित प्रथम तीन चरणों की मतगणना की विस्तृत जानकारी निर्वाची पदाधिकारियों द्वारा की गई। इन तीन चक्रों की मतगणना प्रक्रिया में लगभग ढाई घंटे का समय लगा। इसके बाद मतगणना की प्रक्रिया करीब 45 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। इतना ही नहीं निर्वाची पदाधिकारियों द्वारा यह कहते हुए कि मतगणना का कार्य संपन्न हो चुका है, अधिकृत मतगणना अभिकर्ताओं को मतगणना स्थल से बाहर जाने को कहा गया।
पत्र के मुताबिक इसके महज आधे घंटे के अंदर महापौर पद के निर्वाची पदाधिकारी द्वारा सभी नौ चक्रों की मतगणना पूरी होने तथा भाजपा प्रत्याशी आशा लकड़ा को 1,49,623 तथा उप विजेता वर्षा गाड़ी को 1,10,007 मत प्राप्त होने की घोषणा की गई। इसी तरह उप महापौर पद के निर्वाची पदाधिकारी ने भी तीन चक्रों की मतगणना के बाद अचानक नौ चक्रों की गणना पूरी कर लिए जाने और संजीव विजयवर्गीय के विजयी होने की घोषणा की।
----