समूह गान में एकलव्य के बच्चों का जलवा, झारखंड को प्रथम पुरस्कार Ranchi News
Jharkhand. उदयपुर में आयोजित राष्ट्रीय गान प्रतियोगिता में झारखंड को प्रथम पुरस्कार मिला। राज्यपाल ने बच्चों की सराहना करत हुए कहा कि उनमें असीम प्रतिभा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य में कल्याण विभाग द्वारा संचालित एकलव्य विद्यालयों ने राजस्थान के उदयपुर में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित राष्ट्रीय गान प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। एकलव्य विद्यालय कुजरा, लोहरदगा की छात्रा अनीपा लकड़ा ने एकल गान प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, तोर सिंदरी एकल्व्य विद्यालय चाईबासा को समूह गान में प्रथम पुरस्कार मिला है। अनीपा को पुरस्कार के रूप में 30 हजार रुपये तथा समूह गान की टीम को दो लाख रुपये मिले हैं। अनीपा सहित समूह गान की टीम को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के समक्ष प्रदर्शन के लिए आमंत्रित किया गया है।
इधर, अनीपा सहित समूह गान की विजेता टीम ने बुधवार को राजभवन में एकल व समूह गान का प्रदर्शन किया। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उनकी कला की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड के बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ कला-संस्कृति एवं खेल के क्षेत्र में भी अच्छा कर रहे हैं। उनमें असीम क्षमता व प्रतिभा है। राज्यपाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य से बाहर जाकर इस तरह की प्रतियोगिता में भाग लेकर अच्छा प्रदर्शन करने से ज्ञात होता है कि राष्ट्रीय स्तर पर हम कहां हैं? इस अवसर पर कल्याण सचिव हिमानी पांडेय तथा विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।