Jharkhand News: बिहार-झारखंड के 15 ठिकानों पर ED की ताबड़तोड़ छापामारी, कई कंस्ट्रक्शन कंपनियों पर शिकंजा
Jharkhand News झारखंड के बोकारो में वन भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने बिहार और झारखंड के 15 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह छापेमारी कंस्ट्रक्शन कंपनियों और संचालकों से जुड़ी है जिनमें विमल अग्रवाल और पुनीत अग्रवाल की कंपनी राजवीर कंस्ट्रक्शन भी शामिल है। ईडी की तलाशी रांची के कई इलाकों में चल रही है।

राज्य ब्यूरो, रांची। ED Raid in Jharkhand: बोकारो के बहुचर्चित वन भूमि घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी ने मंगलवार की सुबह से ही बिहार-झारखंड के 15 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। सर्वाधिक ठिकाने कंस्ट्रक्शन कंपनियों के दफ्तर व संचालकों से जुड़े हैं।
इनमें झारखंड के कारोबारी विमल अग्रवाल, पुनीत अग्रवाल की कंपनी राजवीर कंस्ट्रक्शन भी शामिल है। रांची के लालपुर, बरियातू, हटिया आदि इलाकों में इससे जुड़े ठिकाने हैं, जहां ईडी की तलाशी चल रही है। इसके अलावा बोकारो के जिला वन पदाधिकारी के कार्यालय में भी ईडी की छापामारी चल रही है। वहीं, बोकारो में सीओ व डीसी के कार्यालय में भी ईडी की टीम पहुंची है।
वन भूमि घोटाले की जांच सीआईडी भी कर रही
वन भूमि घोटाले के मामले में झारखंड पुलिस की अपराध अनुसंधान विभाग (सीआइडी) भी जांच कर रही है। वन भूमि घोटाले का मामला वर्ष 2022 का है। बोकारो में प्रशासनिक अधिकारियों ने एक कंपनी को वन विभाग की 74.38 एकड़ जमीन आवंटित कर दी थी।
2022 का मामला
जनवरी 2025 में बोकारो के वन प्रमंडल पदाधिकारी रजनीश कुमार ने उत्तरी छोटानागपुर के आयुक्त से इसकी शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि बोकारो के कुछ प्रशासनिक अधिकारियों ने वर्ष 2022 में एक महेंद्र मिश्रा की 10 डिसमिल जमीन के नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर शुद्धि पत्र संबंधित आवेदन में हेराफेरी कर उसे 74.38 एकड़ कर दिया था।
इन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था
इसकी जानकारी महेंद्र मिश्रा को हुई तो उन्होंने इजहार हुसैन, अख्तर हुसैन, रहमत हुसैन, ललन सिंह व शैलेश सिंह के विरुद्ध न्यायालय में वर्ष 2024 में आपराधिक मामला दर्ज कराया था। इसके अलावा बोकारो के वन प्रमंडल पदाधिकारी ने भी सेक्टर12 में उसी वर्ष प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इसी केस की सीआइडी जांच कर रही है। इसी केस के आधार पर ही ईडी ने भी ईसीआइआर दर्ज किया है, जिसके मामले में मंगलवार की सुबह छापामारी शुरू हुई है।
बांका में भी ईडी की छापामारी
बांका के बौंसी के डैम रोड में श्रीराम कंस्ट्रक्शन के आवास पर मंगलवार सुबह ईडी की टीम द्वारा छापेमारी की जा रही है। दो वाहनों से आई ईडी टीम ने व्यवसायी के मेडिकल दुकान से लेकर पूरा आवास की सघन छापामारी कर रही है। विभिन्न कागजातों की जांच पड़ताल जारी है। कंपनी के मालिक वीर अग्रवाल एवं मेडिकल संचालक राम अग्रवाल से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार
श्रीराम कंस्ट्रक्शन का झारखंड में कंस्ट्रक्शन का बड़ा कारोबार है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के काफी करीबी माने जाते हैं। मालिक वीर अग्रवाल एवं उनके दो पुत्र बबलू अग्रवाल व श्याम अग्रवाल झारखंड सहित अन्य राज्यों में कारोबार को संभालते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।