रांची में दुर्गा पूजा मेले की धूम; 'राम धनुष', 'पंख' और 'छिपकली' झूले बढ़ाएंगे रोमांच
रांची में दुर्गा पूजा को लेकर पंडालों में तैयारियां जोरों पर हैं, जहां आकर्षक मेलों का आयोजन किया जा रहा ...और पढ़ें

रांची में दुर्गा पूजा मेले की धूम
HighLights
पूजा पंडालों में आकर्षक मेलों की तैयारियां तेज हो गईं।
राम धनुष, पंख, छिपकली जैसे नए झूले मुख्य आकर्षण होंगे।
बच्चों व बड़ों के लिए विभिन्न मनोरंजन विकल्प उपलब्ध हैं।
जागरण संवाददाता, रांची। दुर्गा पूजा को लेकर शहर के पूजा पंडालों में तैयारियां तेज हो गई हैं। आकर्षक पंडालों और विद्युत सज्जा के साथ अब परिसर में लगने वाले मेले भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनने लगे हैं। इसके साथ इस बार पूजा पंडालों में मनोरंजन के लिए कई नए और रोमांचक झूले लगाए जा रहे हैं।
इनमें राम धनुष झूला, पंख झूला और छिपकली झूला खास आकर्षण होंगे। इसके अलावा 360 डिग्री रामझूला, ब्रेक डांस, मौत का कुआं, ड्रैगन ट्रेन और जायंट फिश बी जैसे मनोरंजक विकल्प भी लोगों को लुभाएंगे। रांची के जिला स्कूल स्थित श्री रामलला पूजा पंडाल और अपर बाजार के बकरी बाजार पूजा पंडाल परिसर में खास तौर पर बड़े झूले लगाए जा रहे हैं।
वहीं, गाड़ी गांव पूजा पंडाल परिसर में बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटे झूलों की व्यवस्था की जा रही है। मेले में खिलौनों की दुकानों के साथ खाने-पीने के लिए अलग-अलग स्टॉल भी लगाए जा रहे हैं, जहां लोगों को तरह-तरह के व्यंजनों का स्वाद मिलेगा।
राम धनुष और पंख झूला बढ़ाएंगे रोमांच
झूला संचालकों के अनुसार, राम धनुष झूले की ऊंचाई रामझूले के लगभग बराबर है। इसमें दो विंग लगे हैं, जो एक दूसरे की विपरीत दिशा में घूमते हैं। इससे झूले पर बैठने वालों को रोमांचक अनुभव मिलता है।
वहीं, पंख झूले की बनावट पक्षियों के पंख जैसी है, जो ऊपर-नीचे घूमता है। छिपकली झूला भी मेले में आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसमें तेज गति से घूमने के दौरान लोग झूले की गोलाकार दीवार से चिपके हुए दिखाई देते हैं, जो दर्शकों के लिए रोमांचक दृश्य होता है।
बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटे झूले
मेले में बच्चों के लिए टॉय ट्रेन, ड्रैगन ट्रेन, छोटे झूले और जंपिंग झूला यानी ट्रैम्पोलिन की व्यवस्था की जा रही है। वहीं बड़े और रोमांच पसंद करने वाले लोगों के लिए ब्रेक डांस, 360 डिग्री रामझूला और अन्य बड़े झूले आकर्षण होंगे। झूलों की टिकट दर 60 से 100 रुपये प्रति व्यक्ति के बीच रखी गई है।
- 360 डिग्री रामझूला - 80 से शुरू
- राम धनुष झूला - 80 से शुरू
- पंख झूला - 40 रुपये
- छिपकली झूला - 70 रुपये
- ब्रेक डांस - 60 रुपये
- मौत का कुआं - 80 रुपये
- टॉय ट्रेन - 30 रुपये
- ड्रैगन ट्रेन - 70 रुपये
- जायंट फिश बी - 70 रुपये
- बच्चों के छोटे झूले - 40 रुपये
- जंपिंग झूला (ट्रैम्पोलिन) - 40 रुपये
