Durga Puja 2022: दुर्गा पूजा को लेकर झारखंड पुलिस सर्तक, CRPF व रैपिड एक्शन फोर्स की प्रतिनियुक्ति के लिए सरकार से आग्रह
Durga Puja 2022 दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर झारखंड पुलिस सर्तक हो गई है। सीआरपीएफ व रैपिड एक्शन फोर्स की प्रतिनियुक्ति के लिए पुलिस मुख्यालय ने झारखंड सरकार से आग्रह किया है। तीन से सात अक्टूबर तक केंद्रीय बल की मांग की है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Durga Puja 2022 दुर्गा पूजा में सीआरपीएफ व रैपिड एक्शन फोर्स की प्रतिनियुक्ति के लिए पुलिस मुख्यालय ने झारखंड सरकार से आग्रह किया है। पुलिस मुख्यालय ने तर्क दिया है कि हाल के दिनों में सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए यह आवश्यक है कि केंद्रीय बल के प्रशिक्षित जवान भी संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किए जा सकें।
पांच दिनों के लिए केंद्रीय बल की आवश्यकता
पुलिस मुख्यालय ने झारखंड सरकार को भेजे अपने पत्र में उल्लेख किया है कि राज्य में दुर्गा पूजा के दौरान तीन से सात अक्टूबर यानी केवल पांच दिनों के लिए केंद्रीय बल की आवश्यकता है। इनमें दो कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स, चार कंपनी सीआरपीएफ का पुरुष बल व एक कंपनी महिला बल की प्रतिनियुक्ति के लिए पुलिस मुख्यालय से आग्रह भेजा गया है।
भारी भीड़ व हालिया घटनाओं से सतर्कता बरत रही है पुलिस
सीआरपीएफ व रैपिड एक्शन फोर्स को उतारने के पीछे विशेष सतर्कता है। पिछले दिनों भाजपा से निलंबित नुपुर शर्मा के विवादित बयान के बाद रांची में उपद्रव की घटना घट चुकी है। दो साल बाद हो रही दुर्गा पूजा में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। पूजा में विघ्न न पड़े, किसी की धार्मिक भावना को ठेस नहीं पहुंचे, इसके लिए ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। लाठी बल, हथियार दस्ता, अग्निशमन की तैनाती तो की ही जा रही है, सादे लिबास में भी खुफिया विभाग के अधिकारी व कर्मी पूजा के दौरान सक्रिय रहेंगे।