विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में डूरंड कप देखना होगा आसान, 22 जुलाई से मिलेंगे फ्री टिकट; जानिए कहां और कैसे करें प्राप्त?

By Adil HassanEdited By: Mansi Kumari
Published: Mon, 20 Jul 2026 03:33 PM (IST)

रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में 26 जुलाई से 135वां इंडियन ऑयल डूरंड कप-2026 शुरू होगा। दर्शकों के लिए 22 ...और पढ़ें

मीडिया को संबोधित करते खेल निदेशक छबि रंजन व अन्य।

मीडिया को संबोधित करते खेल निदेशक छबि रंजन व अन्य।

HighLights

  1. 135वां डूरंड कप 26 जुलाई से रांची में शुरू।

  2. 22 जुलाई से 26 हजार से अधिक मुफ्त टिकट।

जागरण संवाददाता, रांची। एशिया के सबसे पुराने और दुनिया के तीसरे सबसे पुराने फुटबाल टूर्नामेंट 135वें इंडियन ऑयल डूरंड कप-2026 के लिए राजधानी रांची पूरी तरह तैयार है। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 26 जुलाई से मुकाबलों का आगाज होगा।

उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में झारखंड की समृद्ध कला और संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुति होगी, जबकि भारतीय सेना के बैंड की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसकी जानकारी सोमवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में खेल निदेशक छबि रंजन और ब्रिगेडियर मनोज झा ने दी।

22 जुलाई से शुरू होगा मुफ्त टिकट वितरण

दर्शकों के लिए 22 जुलाई से 16 अगस्त तक निशुल्क टिकटों का वितरण किया जाएगा। टिकट प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक स्टेडियम के गेट संख्या 11 और 13 के बीच बने 10 टिकट काउंटर तथा गेट संख्या 23 के पास दो काउंटर से मिलेंगे। प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट दिए जाएंगे। मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले स्टेडियम में प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा।

28 हजार क्षमता, 26 हजार से अधिक मुफ्त टिकट

करीब 28 हजार दर्शक क्षमता वाले बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 26 हजार से अधिक दर्शकों के लिए निशुल्क टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। वीआइपी, वीवीआइपी और मीडिया के लिए अलग बैठने की व्यवस्था रहेगी। दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम के बाहर पार्किंग भी पूरी तरह निशुल्क होगी।

रांची में छह लीग मैच और एक क्वार्टर फाइनल

रांची को ग्रुप-सी के छह लीग मुकाबलों की मेजबानी मिली है। इसके अलावा 16 अगस्त को एक क्वार्टर फाइनल भी यहां खेला जाएगा। रांची में जमशेदपुर एफसी, एससी दिल्ली, इंडियन एयर फोर्स एफटी और श्रीलंका सेना की टीम डिफेंडर्स एफसी के बीच मुकाबले होंगे। उद्घाटन मैच 26 जुलाई को शाम पांच बजे जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी के बीच खेला जाएगा।

सुरक्षा के लिए कई वस्तुओं पर रहेगा प्रतिबंध

स्टेडियम में सुरक्षा के मद्देनजर पावर बैंक, कैमरा, बड़े बैग, बाहरी भोजन, पानी की बोतल, हेलमेट, सेल्फी स्टिक, हथियार, शराब, तंबाकू उत्पाद, पटाखे, लेजर पाइंटर, बैनर, झंडे और पालतू जानवर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। दर्शकों को सुरक्षा जांच के लिए निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है।

टीवी और मोबाइल पर भी देख सकेंगे मुकाबले

भारत में डूरंड कप-2026 के मुकाबलों का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। वहीं, सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर भी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी। आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।