World Milk Day: रोज पिएं एक गिलास दूध और पाएं इसके अनजाने फायदे, जानें विस्तार से
World Milk Day Chatra Jharkhand News कृषि विज्ञान केंद्र के पशुपालन वैज्ञानिक डाॅ. वीपी राय ने कहा कि दूध से कई सारे आवश्यक पौषक तत्व मिलते हैं। दूध एक संतुलित आहार है जिसमें कई सारे पौष्टिक तत्व पाए जाते हैं।
चतरा, जासं। चतरा के स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र में मंगलवार को विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर वेबिनार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 47 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन अभिजित घोष ने किया। जबकि होस्ट की भूमिका मो. जुनैद आलम ने निभाया। प्रशिक्षण की शुरुआत में कृषि विज्ञान केंद्र के पशुपालन वैज्ञानिक डाॅ. वीपी राय ने कहा कि दुनिया भर में एक जून को विश्व दुग्ध दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हेल्थ के लिए दूध बहुत जरूरी है और हमारी डाइट में इसका बहुत महत्व है।
कहा कि दूध अपने आप में एक पूरा डाइट है। दूध एक संतुलित आहार है। इसमें कई सारे पौष्टिक तत्व पाए जाते हैं। डॉक्टर कहते हैं कि रोजाना एक गिलास दूध का सेवन करना हर किसी के लिए जरूरी होता है। दूध में आयरन, ऑयोडीन, कैल्शियम, जिंक, प्रोटीन, फॉस्फोरस, मैग्नीशियम, पोटेशियम, विटामिन ए, विटामिन बी, विटामिन डी, राइबोफ्लेविन समेत कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के हर अंग को हेल्दी रखने में मदद करता है।
पशु चिकित्सक डाॅ. अनिल कुमार ने कहा कि दूध बच्चों के दिमाग के लिए गुणकारी पदार्थ है। इससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पोषक तत्व मिलते हैं। उन्होंने इन दिनों बाजार में आ रहे मिलावटी दूध पर चिंता प्रकट करते हुए लोगों को स्वच्छ दूध की जांच करने के तरीके बताए। दुग्ध कर्मियों ने लोगों को दूध से संबंधित जानकारियां और योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डॉ. सुसामी ने कहा कि गाय के दुग्ध का गुण, गाय का दुग्ध सभी जानवरों के दुग्ध में सर्वश्रेष्ठ होता है। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डाॅ. रंजय कुमार सिंह, धर्मा उराव, इंजीनियर विनोद कुमार पांडेय, उपेंद्र कुमार सिंह ने भी किसानों को दुग्ध से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।