डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचु बने झारखंड इंटक के नए प्रदेश अध्यक्ष, श्रमिक हितों के लिए संघर्ष का लिया संकल्प
डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचु को सर्वसम्मति से झारखंड प्रदेश इंटक का अध्यक्ष चुना गया।

डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचु को बधाई देते स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी। (सोशल मीडिया)
HighLights
डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचु सर्वसम्मति से इंटक प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित।
राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू बैठक में मुख्य अतिथि।
श्रमिक हितों की रक्षा हेतु संघर्ष तेज करने का संकल्प।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड प्रदेश इंटक की कार्यकारिणी बैठक में सर्वसम्मति से डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचु को इंटक का प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
इसके पूर्व झारखंड प्रदेश भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की कार्यकारिणी बैठक एवं महाधिवेशन में आधिकारिक तौर पर बताया गया कि कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन इंटक के राष्ट्रीय महासचिव एन.जी. अरुण ने किया तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनिर्वाचित झारखंड प्रदेश इंटक अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू ने की।
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, झारखंड विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, विधायक रामचंद्र सिंह सहित झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनेक वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत करते हुए इंटक के सभी नेताओं एवं प्रतिनिधियों ने इंटक के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद स्व. चंद्रशेखर दुबे (ददई दुबे) के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही चतरा जिला इंटक के अध्यक्ष स्व. साबिर हुसैन के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
महाधिवेशन में झारखंड के सभी जिलों से इंटक प्रतिनिधियों के साथ-साथ सीसीएल, बीसीसीएल, ईसीएल, सेल, लोहरदगा बाक्साइट माइंस, चिड़िया माइंस (चाईबासा), नोवामुंडी माइंस (चाईबासा) सहित विभिन्न औद्योगिक एवं खनन क्षेत्रों के श्रमिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रतिनिधियों ने श्रमिक हितों की रक्षा हेतु एकजुट होकर संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया। मौके पर इंटक के कोषाध्यक्ष आरएन चौबे, सीसीएल मुख्यालय अध्यक्ष आर. पी. सिंह, युवा इंटक के प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा, रमेश कुमार झा आदि मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।