बोकारो के इस व्यवसायी को अपराधियों ने मारी 12 गोलियां, डॉक्टरों ने दी नई जिंदगी; जानें पूरा मामला
रांची के मेडिका अस्पताल के डॉक्टरों ने वीडियो असिस्टेड थोरैकोस्कोपिक सर्जरी की मदद से व्यसायी के फेफड़े में फंसी गोली निकाली। उसे 14 अक्टूबर को बोकारो के एक दुकान में गोली मारी गई थी।
रांची, जासं। भगवान महावीर मेडिका सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में मंगलवार को बोकारो के एक 40 वर्षीय व्यापारी के फेफड़े सहित शरीर के 12 जगहों पर लगीं गोलियों को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। मरीज वेंटीलेटर पर चल रहा था। मरीज की स्थिति काफी गंभीर थी। डॉक्टरों ने गोली निकालने के लिए वीडियो असिस्टेड थोरेकोस्कोपिक सर्जरी जैसी जटिल सर्जरी करने का फैसला लिया।
मेडिका के डॉ. (मेजर) रमेश दास के नेतृत्व में डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. संजय वर्मा और डॉ. आसिफ खान सहित विशेषज्ञ सर्जन और एनेस्थेइस्ट की टीम द्वारा यह दुर्लभ सर्जरी की गई। डॉ. मेजर रमेश दास ने बताया कि अगर मरीज का ऑपरेशन समय पर नहीं किया जाता, तो यह उनके लिए घातक हो सकता था और उनकी जान भी जा सकती थी।
जानकारी के अनुसार बीते 14 अक्टूबर की दोपहर बोकारो के एक दुकान में अपराधियों द्वारा गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था। इसमें दुकान के संचालक जलेश्वर साव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके शरीर में 12 जगहों पर गोली लगी थी। उन्हें तुरंत मेडिका अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच के बाद उसे बचाने के लिए तीन ऑपरेशन करने का फैसला लिया। डॉक्टरों के अनुसार अब मरीज की स्थिति बेहतर है। कुछ दिन ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।