सरकार के भरोसे ना बैठें आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करें लोग
देश और दुनिया में फैले कोरोना महामारी ने लोगों का जीवन अस्त व्यस्त है।
जागरण संवाददाता, राची : देश और दुनिया में फैले कोरोना, महामारी ने लोगों का जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। वही, इसका सबसे अधिक असर रोज मजदूरी कर कमाने-खाने वाले तबके पर हुआ है। देश के अन्य हिस्सों की तरह राची में भी दूसरे राज्यों व विभिन्न जिलों से आए ऐसे काफी मजदूर हैं, जो लॉकडाउन के कारण यहा फंसे हुए हैं। इन लोगों के समक्ष अब दो जून की रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है। लेकिन राहत की बात यह है कि कई एनजीओ व समाजसेवी जरूरतमंद लोगों की मदद में दिनरात जुटे हुए हैं। इसके अलावा सक्षम लोग भी बढ़-चढ़ कर इसमें भाग ले रहे हैं। इसी क्रम में राची की बेटी और अभिनेत्री शिखा स्वरूप पिछले पाच दिनों से अपना पूरा समय लोगों की मदद में लगा रही हैं। वे राची के पिस्का मोड़ की रहने वाली हैं। लिहाजा वे पिस्का मोड़ से संचालित होने वाली संस्था न्यू सूर्योदय क्लब के साथ जुड़कर जरुरतमंदों के लिए राशन की सामग्री पैक कर रही हैं। उन्होंने बताया कि हर दिन लगभग एक सौ पैकेट राशन सामग्री का संस्था के लोगों द्वारा वितरण किया जा रहा है। शिखा कहती हैं कि शहर के हर सक्षम लोग को संकट की इस घड़ी में जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए, उन्हें सिर्फ सरकार के भरोसे नहीं छोड़ना चाहिए। जितना हो सके निजी तौर पर भी लोगों की मदद करनी चाहिए।
---
लोगों से घर पर रहने की अपील
शिखा ने लोगों से कहा कि वे घरों से बाहर ना निकले। जब अधिक जरूरी हो तभी घर से बाहर निकले। इस बीमारी से बचने का एक ही तरीका है। और इसी तरह हम इस बीमारी को हरा भी सकते हैं।