DIG संगीता कुमारी का निधन, राबड़ी देवी की सुरक्षा में रही हैं तैनात
Jharkhand. आज रांची आएगा पार्थिव शरीर। अचानक ब्लड प्रेशर लो होने के बाद ले जाया गया था दिल्ली। एयरपोर्ट से अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हो गई मौत।
रांची, जासं। पुलिस मुख्यालय रांची में डीआइजी कार्मिक के पद पर तैनात संगीता कुमारी का रविवार को दिल्ली में निधन हो गया। अचानक ब्लड प्रेशर लो हो जाने की वजह से परिजन उन्हें लेकर रविवार को ही दिल्ली पहुंचे थे। दिल्ली एयरपोर्ट से मेदांता अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उनका पार्थिव शरीर सोमवार को रांची लाया जाएगा।
आइपीएस संगीता कुमारी का जन्म 3 जुलाई 1964 को हुआ था। वह संयुक्त बिहार में डीएसपी थीं। बिहार से झारखंड अलग होने के बाद संगीता कुमारी झारखंड कैडर में आ गई थीं। वर्ष 2013 में संगीता कुमारी की आइपीएस रैंक में प्रोन्नति हुई थी। 2024 में उन्हें सेवानिवृत्त होना था।
बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी की सुरक्षा में रह चुकी हैं संगीता
आइपीएस संगीता कुमारी जब डीएसपी रैंक की अधिकारी थीं तब बिहार की पूर्व सीएम रहीं राबड़ी देवी की सुरक्षा में लंबे समय तक तैनात थीं। झारखंड कैडर में आने के बाद वह कोडरमा व जमशेदपुर में पुलिस अधीक्षक सहित कई अहम पदों पर अपना योगदान दे चुकी थीं। वर्तमान में पुलिस मुख्यालय में डीआइजी कार्मिक के रूप में पदस्थापित थीं।
इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आइपीएस संगीता कुमारी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्हाेंने ट्वीट कर कहा है कि बीमारी की वजह से डीआइजी संगीता कुमारी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। भगवान उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में सहनशक्ति दे। इस शोक के समय में सरकार उनके परिवार को हर तरह से सहायता करेगी।