विवाहिता ने लगाई फांसी, परिजनों का आरोप, ससुर जबरन संबंध बनाने का डालता था दबाव; दहेज के लिए भी किया प्रताड़ित
झारखंड के तुपुदाना में धुर्वा थाना क्षेत्र के पटेल मैदान के समीप एक घर में गुरुवार की सुबह महिला फांसी के फंदे पर झूलती हुई मिली। मृतका के भाई ने ससुर पर जबरन संबंध बनाने के लिए बहन पर दबाव डालने का आरोप लगाया है।
HighLights
- धुर्वा में विवाहिता की मौत के बाद भाई ससुरालवालों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।
- ससुर पर बहु से जबरन संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप है।
- दहेज के लिए मृतका से मारपीट की जाती थी।
जागरण संवाददाता, तुपुदाना। झारखंड के तुपुदाना में धुर्वा थाना क्षेत्र के पटेल मैदान के समीप एक घर में गुरुवार की सुबह महिला फांसी के फंदे पर झूलती हुई मिली। मामले की जानकारी धुर्वा पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंचकर धुर्वा पुलिस ने शव का पंचनामा किया। इसके बाद शव को थाने लाकर महिला के मायके वालों का इंतजार किया गया और फिर शव को रिम्स भेज दिया गया।
दहेज प्रताड़ना के तहत मामला दर्ज
धुर्वा थाने में मृतका मधु कुमारी के भाई जितेंद्र कुमार सिंह के लिखित आवेदन पर दहेज प्रताड़ना एवं मरने के लिए मजबूर करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जितेंद्र कुमार सिंह ने आवेदन में लिखा है कि वह लोग बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर थाना क्षेत्र के मनुवा गांव के निवासी हैं। उनकी बहन मधु कुमारी की शादी ध्रुर्वा पटेल मैदान निवासी अमन कुमार के साथ दिसंबर 2021 में हुई थी।
2 लाख नकदी के लिए मारपीट
शादी में रुपए, गहने, बर्तन के साथ-साथ स्त्री धन के रूप में सभी सामान दिया गया था। उसके बावजूद अमन कुमार के पिता राधेश्याम प्रसाद 2 लाख नकद दहेज के रूप में देने के लिए मधु को प्रताड़ित करते थे। उसके साथ मारपीट की जाती थी।
गुरुवार को सुबह 7:30 बजे रांची से फोन पर जानकारी दी गई कि मधु ने फांसी लगा ली है। इस घटना को सुनकर हाजीपुर से सभी लोग धुर्वा आए और देखा कि मधु मृत पड़ी हुई थी।
मधु के पति अमन कुमार एवं ससुर राधे श्याम प्रसाद मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते थे। शादी के बाद मधु को भी मुंबई ले गए थे, जहां वह पति अमन कुमार एवं ससुर राधेश्याम प्रसाद के साथ रहते थे।़
ससुर संबंध बनाने का डालता था दबाव
राधेश्याम प्रसाद अपनी बहु पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाते थे। इसमें बहनोई अमन कुमार भी अपने पिता का सहयोग करते थे।
अमन कुमार राधेश्याम प्रसाद के सौतेला बेटा है। 15 मई को देवर रवि प्रसाद मधु को जबरन मुंबई से धुर्वा स्थित घर ले आया था, जहां सास सरोज देवी और देवर रवि प्रसाद दोनों ने मिलकर मधु को मारकर टांगकर फांसी का रूप दे दिया।
जितेंद्र कुमार ने अपने आवेदन में पुलिस से गुहार लगाई है कि ससुर राधे श्याम प्रसाद, सरोज देवी, पति अमन प्रसाद एवं देवर रवि प्रसाद के ऊपर कानूनी कार्रवाई की जाए।