2.10 करोड़ की BMW और 1.12 करोड़ की Audi घर ले गए खरीदार, धनतेरस पर रांची में कारों की रिकॉर्ड बिक्री
रांची में धनतेरस पर ऑटोमोबाइल बाजार गुलजार रहा, जहां 2500 से अधिक कारों की डिलीवरी हुई और कुल 300 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
रांची में धनतेरस पर 300 करोड़ का ऑटोमोबाइल कारोबार।
2.10 करोड़ की बीएमडब्ल्यू एक्स-6 एम 60आई बिकी।
2500 से अधिक कारों की हुई डिलीवरी, बाजार गुलजार।
जागरण संवाददाता, रांची। धनतेरस पर राजधानी रांची का बाजार पूरी तरह गुलजार रहा। सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी।
खासकर ऑटोमोबाइल सेक्टर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह सात बजे से ही ग्राहक अपनी पसंदीदा गाड़ियों की डिलीवरी लेने शोरूम पहुंचने लगे।
किसी ने छोटी कार खरीदकर धनतेरस की परंपरा निभाई तो किसी ने लग्जरी कार खरीदकर त्योहार को यादगार बनाया। इस दौरान रांची में करीब 2500 से अधिक कारों की डिलीवरी हुई।
वहीं, धनतेरस के मौके पर रांची में बिकी सबसे महंगी कार BMW की एक्स-6 एम 60आई एक्सड्राइव रही, जिसकी कीमत दो करोड़ 10 लाख रुपये है। इसे रांची के ही एक ग्राहक ने खरीदा है।
2 करोड़ की बीएमडल्ब्यू, 1 करोड़ की ऑडी की हुई बिक्री
धनतेरस पर लग्जरी कारों की खरीदारी में भी रांची के ग्राहकों ने खूब दिलचस्पी दिखाई। बीएमडब्ल्यू की एक्स-6 एम 60आई एक्सड्राइव कार दो करोड़ 10 लाख रुपये में बिकी।
इसके अलावा बीएमडब्ल्यू की एक्स-5 कार की बिक्री 1 करोड़ 25 लाख रुपये में हुई। वहीं, आडी की नई माडल क्यू-7 को रांची के एक ग्राहक ने एक करोड़ 12 लाख रुपये में खरीदा है।
वहीं, लग्जरी बाइक के शौकीनों में भी खासा उत्साह रहा। रांची में सबसे महंगी बाइक बीएमडब्ल्यू की एस-1000 आरआर रही, जिसकी कीमत 35 लाख रुपये है। इसे भी रांची के एक ग्राहक ने खरीदा। इसके अलावा 32 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू आर-1300 जीएस बाइक की भी बिक्री हुई।
किस कंपनी की कितनी कारों की हुई डिलीवरी
धनतेरस पर रांची के ऑटोमोबाइल बाजार में लगभग सभी प्रमुख कंपनियों के शोरूम में ग्राहकों की भीड़ रही। विभिन्न कंपनियों की कारों की बिक्री के आंकड़े इस प्रकार हैं।
रांची में कारों की बिक्री का आंकड़ा
धनतेरस पर हुई कुल कारों की डिलीवरी (अनुमानित)
- मारुति सुजुकी - 900
- हुंडई - 450
- टाटा मोटर्स - 400
- महिंद्रा - 200
- किआ - 120
- टोयोटा - 110
- टाइटन निसान - 90
- स्कोडा - 80
- सिट्रोन - 40
- होंडा - 35
- बीएमडब्ल्यू - 20
- फाक्सवैगन - 20
- ऑडी - 10
(नोट : यह आंकड़े शोरूम से प्राप्त जानकारी के आधार पर दिए गए हैं। इस आकड़े में बदलाव भी हो सकता है।)
छोटी कारों से लेकर एसयूवी तक की रही मांग
इस धनतेरस पर ग्राहकों की पहली पसंद में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और हाइब्रिड कारें भी शामिल रहीं। वहीं पेट्रोल से चलने वाली हैचबैक और माइक्रो एसयूवी की मांग भी बनी रही।
इसके अलावा सेडान मॉडल की कारों की भी अच्छी बिक्री हुई। ग्राहकों ने अपने बजट और जरूरत के अनुसार गाड़ियों का चयन किया।
कंपनीवार लोकप्रिय मॉडलों की बात करें तो मारुति सुजुकी की आल्टो के-10, ब्रेजा, सेलेरियो, वैगनआर, डिजायर, स्विफ्ट और ग्रैंड विटारा की अच्छी मांग रही।
हुंडई की क्रेटा, वेन्यू, एक्सटर, आरा, आई-20 और ग्रैंड आई-10 नियोस ग्राहकों की पसंद बनीं। टाटा मोटर्स की पंच, नेक्सन, टियागो, हैरियर, अल्ट्रोज, कर्व और सफारी की अच्छी बिक्री हुई।
वहीं, महिंद्रा की एसयूवी, किआ की सोनेट और सेल्टोस ने भी ग्राहकों को आकर्षित किया। इसके अलावा टोयोटा, स्कोडा, एमजी मोटर, जीप, मर्सिडीज बेंज, होंडा, फाक्सवैगन, रेनाल्ट और निसान के शोरूम में भी ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही।
यह भी पढ़ें- धनतेरस पर शाम 6:02 से 7:57 बजे तक करें यह काम, अकाल मृत्यु का भय होगा दूर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।