धनबाद में मालगाड़ी बेपटरी होने से बनारस-रांची एक्सप्रेस का रूट बदला, कई ट्रेनों पर असर
धनबाद रेल मंडल के सीआईसी सेक्शन में मालगाड़ी के 11 वैगन बेपटरी होने से रेल परिचालन प्रभावित हुआ है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
धनबाद में कोयला लदी मालगाड़ी के 11 वैगन बेपटरी।
बनारस-रांची एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित, अन्य ट्रेनें प्रभावित।
हादसे से रेल परिचालन बाधित, मरम्मत कार्य जारी।
जागरण संवाददाता, रांची। धनबाद रेल मंडल के सीआइसी सेक्शन में मंगलवार सुबह हुए मालगाड़ी हादसे के बाद ट्रेन संख्या 18612 बनारस–रांची एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया।
मंगलवार को ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग सोननगर–गढ़वा रोड–बरकाकाना के स्थान पर परिवर्तित मार्ग सोननगर–गया–गोमो–मुरी होकर रांची पहुंचेगी।
पूर्व मध्य रेलवे के गढ़वा रोड–सिगसिगी रिवर्सिबल लाइन के अंतर्गत मालगाड़ी के डिरेलमेंट के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ है।
मंगलवार सुबह करीब 10:45 बजे अंतिम सीमा क्षेत्र स्थित सबौना गांव के समीप खलारी से सोननगर की ओर रिवर्सल लाइन से जा रही कोयला लदी मालगाड़ी के 11 वैगन बेपटरी हो गए।
इनमें दो वैगन डाउन लाइन पर गिर गए। इसके कारण मुगलसराय से धनबाद रेल मंडल की ओर जाने वाला रेल परिचालन प्रभावित हो गया। हादसे के करीब दो घंटे बाद तक सुरक्षा कारणों से अप लाइन पर भी रेल परिचालन शुरू नहीं किया जा सका था।
दो हिस्सों में बंटा मालगाड़ी का रैक
दुर्घटना में मालगाड़ी का पूरा रैक दो हिस्सों में बंट गया। इंजन की ओर के चार कोयला लदे वैगन तथा गार्ड वैन की ओर के सात वैगन पटरी से उतर गए। हादसे में रिवर्सल लाइन की पटरी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बरवाडीह, चोपन और मुगलसराय से भेजी गई राहत ट्रेन व क्रेन
घटना की सूचना मिलते ही बरवाडीह, चोपन और मुगलसराय से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन तथा रेलवे क्रेन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
राहत दल के पहुंचने के बाद क्षतिग्रस्त वैगनों को हटाने और क्षतिग्रस्त रेल पटरी की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसे से रेलवे को बड़े नुकसान का अनुमान है।
कई यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित
मालगाड़ी के बेपटरी होने के कारण यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। रेल प्रशासन ने क्षतिग्रस्त वैगनों को हटाने और पटरी की मरम्मत का काम तेज कर दिया है, ताकि रेल परिचालन को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।
