विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रधरपुर रेल मंडल का बड़ा कदम, 6 करोड़ की योजनाओं से सुगम होगा सफर; आउटर पर नहीं रुकेंगी ट्रेनें

Published: Tue, 11 Aug 2026 05:34 PM (IST)

चक्रधरपुर रेल मंडल में 6 करोड़ रुपये के दो बड़े टेंडर जारी किए गए हैं, जिससे मानिकुई और मलूका यार्ड में अतिरिक्त लूप लाइनें बनेंगी।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. चक्रधरपुर मंडल में 6 करोड़ के दो रेल टेंडर जारी।

  2. मानिकुई और मलूका यार्ड में अतिरिक्त लूप लाइनें बनेंगी।

  3. यात्री ट्रेनों की समयबद्धता सुधरेगी, माल ढुलाई भी तेज होगी।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए रेल प्रशासन ने करीब छह करोड़ रुपये की दो बड़ी निविदाएं (टेंडर) जारी की हैं।

इन महत्वपूर्ण सिग्नलिंग और टेलीकाम कार्यों से जमशेदपुर आने-जाने वाले यात्रियों और मालगाड़ियों के समय पालन में बड़ा सुधार होगा।

मुख्य रेल विकास परियोजनाओं के तहत मानिकुई से लेकर मलूका यार्ड तक अतिरिक्त लूप लाइनों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे टाटानगर आने वाले यात्रियों को आउटर पर ट्रेन रोके जाने की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।

मानिकुई से टाटानगर का सफर होगा सुगम

टाटानगर से महज 35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मानिकुई स्टेशन के अप और डाउन दोनों ग्रिड में 70-70 मीटर की अतिरिक्त लूप लाइन बनाई जाएगी।

वर्तमान में चांडिल-टाटा रेलखंड पर मालगाड़ियों के अधिक दबाव के कारण पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों को मानिकुई के पास रोक दिया जाता है।

इस कारण जमशेदपुर ड्यूटी आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों की ट्रेन अक्सर लेट हो जाती है। अब मानिकुई में लूप लाइन बनने से मालगाड़ियों को वहां साइड कर पैसेंजर ट्रेनों को आसानी से रास्ता दिया जा सकेगा, जिससे जमशेदपुर आने वाले हजारों यात्रियों का कीमती समय बचेगा।

मलूका यार्ड में अतिरिक्त लूप लाइन से माल ढुलाई तेज

इसके अतिरिक्त, टाटानगर से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित मलूका यार्ड के डाउन ग्रिड में दो अतिरिक्त लूप लाइनों के निर्माण और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग के आधुनिकीकरण के लिए करीब 1.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

मलूका और करमपदा जैसे खनिज बहुल इलाकों से टाटा स्टील और जमशेदपुर के अन्य उद्योगों के लिए भारी मात्रा में लौह अयस्क लाया जाता है। मलूका में ट्रेनों के रुकने की क्षमता बढ़ने से मालगाड़ियां पैसेंजर लाइनों को बाधित नहीं करेंगी।

झारसुगुड़ा और अन्य स्टेशनों पर अपग्रेडेशन

वहीं, लगभग 260 किलोमीटर दूर झारसुगुड़ा के एफबीडब्लूपी यार्ड में पांच नई लाइनें बिछाने के साथ ही करमपदा, रंगरा और पतासाही स्टेशनों पर अतिरिक्त लोडिंग लाइनों का सिग्नलिंग अपग्रेड होगा।

इन सभी कार्यों पर 4.52 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन दोनों महत्वपूर्ण टेंडरों के लिए बिडिंग प्रक्रिया क्रमशः 17 व 18 अगस्त से शुरू होकर सितंबर के पहले सप्ताह तक पूरी कर ली जाएगी।

हाल के वर्षों में चक्रधरपुर मंडल में बढ़ी मालगाड़ियों की संख्या के कारण यात्री रेल सेवा काफी प्रभावित हुई है। अब इन बड़े बदलावों से यात्री ट्रेनों की समयबद्धता काफी बेहतर होगी, जिसका सीधा लाभ हावड़ा-मुंबई रूट की ट्रेनों को मिलेगा और टाटानगर आने वाले यात्रियों का सफर तेज हो जाएगा।

यह भी पढ़ें- आदित्यपुर स्टेशन से ही चलेंगी 4 मेमू ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत