आदित्यपुर स्टेशन से ही चलेंगी 4 मेमू ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत
चक्रधरपुर रेल मंडल ने टाटानगर स्टेशन पर परिचालन का दबाव कम करने के लिए चार मेमू ट्रेनों का टर्मिनल आदित्यपुर तक बढ़ा दिया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
चार मेमू ट्रेनों का टर्मिनल आदित्यपुर तक विस्तारित।
टाटानगर स्टेशन पर परिचालन दबाव कम करने का उद्देश्य।
ट्रेनों की समयबद्धता और यात्रियों की शिकायतें घटीं।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर परिचालन का दबाव कम करने और समय पालन को दुरुस्त करने के उद्देश्य से शुरू की गई विशेष व्यवस्था को अगले 15 दिनों के लिए विस्तार दे दिया है।
इसके तहत चार प्रमुख लोकल (मेमू) पैसेंजर ट्रेनों का टर्मिनल टाटानगर के बजाय आदित्यपुर रेलवे स्टेशन ही बना रहेगा। वरिष्ठ रेल अधिकारियों की हरी झंडी मिलने के बाद अब यह नई व्यवस्था 11 अगस्त से 25 अगस्त तक प्रभावी रहेगी।
इसके तहत गुआ-टाटा मेमू (ट्रेन संख्या 68004 व 68020) और टाटा-गुआ मेमू (ट्रेन संख्या 68019) अब आदित्यपुर स्टेशन तक ही चलेगी और वहीं से वापस लौटेंगी।
इसके अतिरिक्त टाटा-चक्रधरपुर मेमू (ट्रेन संख्या 68009) भी टाटानगर के बजाय अब आदित्यपुर स्टेशन से ही अपनी यात्रा शुरू करेगी।
सकारात्मक रहा है पहला चरण
रेलवे द्वारा साझा किए गए जानकारी के अनुसार, टाटानगर यार्ड में ट्रेनों की भीड़भाड़ कम करने के लिए पहली बार गत 27 जुलाई से 10 अगस्त तक इन चार ट्रेनों का टर्मिनल बदला गया था।
इस प्रयोग के दौरान बेहद सुखद परिणाम देखने को मिले। टाटानगर यार्ड में ट्रेनों का जाम (डीकंजेशन) न केवल कम हुआ, बल्कि आउटर पर ट्रेनों के डिटेंशन (रुकावट) समय में भी सकारात्मक सुधार आया।
इस बदलाव के चलते ट्रेनों के परिचालन में लेटलतीफी काफी हद तक घट गई, जिससे रेलवे के पास यात्रियों की तरफ से आने वाली शिकायतों में भारी कमी दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें- यात्रियों के लिए जरूरी खबर: चक्रधरपुर रेल मंडल से चलने वाली ये ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, रेलवे ने जारी किया अलर्ट
