कांके अंचल में जमीन म्यूटेशन में गड़बड़ी पर शीघ्र कार्रवाई की मांग, प्रमंडलीय आयुक्त से शिकायत
Jharkhand Update News क्षेत्रीय जनविकास परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष दयानंद मिश्रा ने कहा है कि वरीय अधिकारियों के द्वारा आम जनों को यह संदेश अवश्य जाना चाहिए कि किसी की मनमानी किसी भी स्तर पर हर्गिज नहीं चलेगी।
रांची, जासं। रांची के कांके अंचल में जमीन के म्यूटेशन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए प्रमंडलीय आयुक्त से शिकायत की गई है। मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। क्षेत्रीय जन विकास परिषद के अध्यक्ष दयानंद मिश्रा की तरफ से लिखित शिकायत में कहा गया है कि घंटे भर में आवेदन एवं उसी दिन म्यूटेशन के मामले में पूरे कांके अंचल में आम लोगों के बीच कौतूहल बना हुआ है। वहीं इस विषय पर प्रशासन की खामोशी भी चर्चा में है।
उक्त बातें क्षेत्रीय जनविकास परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष दयानंद मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा। उन्होंने दक्षिणी छोटानागपुर आयुक्त को संबोधित अपने पत्र में इस मामले का जिक्र कर कहा है कि वरीय अधिकारियों के द्वारा आम जनों को यह संदेश अवश्य जाना चाहिए कि किसी की मनमानी किसी भी स्तर पर हर्गिज नहीं चलेगी।
मिश्रा ने लिखा है कि सारे नियमों को शिथिल कर जिस प्रकार कांके के सीओ ने हल्का 9 मेसरा मौजा के खाता 133 प्लॉट 1708 में 50 डिसमिल का म्यूटेशन महज आठ मिनट में कर पूरे राजस्व अंचल के लिए एक रिकॉर्ड कायम किया है, यह राजस्व अंचल की मनमानी का सर्वोपरि रिकॉर्ड साबित होगा।
इस पर अविलंब कार्रवाई बड़े अधिकारियों के द्वारा नहीं की जाती है तो इससे जनता में व्यापक आक्रोश का वातावरण निर्मित होगा जो सरकार की सेहत के लिए भी अच्छी नहीं है। उन्होंने इस मामले में आयुक्त से समुचित व सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है।