खुखरी गेस्ट हाउस में नहीं होगी दीपिका व अतनु दास की शादी
स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी की शादी खुखरी गेस्ट हाउस में नहीं होगी। पुलिस प्रशासन ने बुकिंग को रद कर दिया है। अब नए सिरे से जगह की खोज की जा रही है।
जागरण संवाददाता, रांची: स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी की शादी खुखरी गेस्ट हाउस में नहीं होगी। पुलिस मुख्यालय ने शादी के लिए गेस्ट हाउस देने से इन्कार कर दिया है। गेस्ट हाउस नहीं देने का प्रस्ताव एक दिन पहले ही रद कर दिया गया था और इसकी सूचना दीपिका के परिवार वालों को दे दी गई थी। एडीजी आपरेशन मुरारी लाल मीणा ने बताया कि लॉकडाउन के चलते ऐसा निर्णय लिया गया है और इसकी सूचना दीपिका कुमारी को भी दे दी गई है।
दीपिका के परिवार वाले परेशान
पुलिस मुख्यालय द्वारा खुखरी गेस्ट हाउस नहीं देने के निर्णय के बाद दीपिका का परिवार परेशान हो गया है। अब वह नए विवाह स्थल के चयन में लग गया है। शादी के लिए गुरुवार को रातू पहुंची दीपिका कुमारी भी परेशान नजर आई। उसने कहा देखिये अब क्या होता है। गौरतलब है कि 30 जून को दीपिका की शादी अंतरराष्ट््रीय तीरंदाज अतनुदास से होने वाली है। शादी के लिए कार्ड भी बांटे जा चुके हैं। दीपिका की शादी का पहला कार्ड उनकी मां ने दीपिका के कोच धर्मेद्र तिवारी जमशेदुपर को भेजा था। माना जा रहा है कि वहीं से शादी की तिथि के संबंध में पता चला।
बराती व सराती दोनों अलग अलग रंग के मास्क पहनेंगे
सरकार द्वारा तय मापदंड के अनुरूप ही बाराती व सराती रहेंगे। दोनों पक्ष के लोग अलग-अलग रंग के मास्क पहनेंगे। शारीरिक दूरी का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
-----------
शादी की तैयारी जोरों पर : गीता देवी
- सरकार द्वारा कोरोना को लेकर दिए गए दिशा निर्देश का पालन होगा
संवाद सूत्र, रातू : दीपिका कुमारी व अतनु दास की शादी 30 जून को कहा होगी इसपर सस्पेंस बरकरार है, लेकिन दीपिका का पूरा परिवार शादी की तैयारी में जुटा है। इधर शादी के संबंध में बात करने पर दीपिका की मा गीता देवी ने बताया कि शादी सामाजिक रीति रिवाज से सरकार द्वारा कोरोना से संबंधित दिए गए दिशा निर्देश का पालन करते हुए होगा। शादी के लिए कार्ड छप गए हैं। दो चार दिन में कार्ड भी बंटना शुरू हो जाएगा। ऐसे हमने एक कार्ड दीपिका के कोच को दिया है। शादी में कौन-कौन सेलेब्रिटी आएंगे इसके संबंध में मा गीता देवी ने बताया कि इसका फैसला दीपिका स्वयं करेगी अभी हम इस संबंध में कुछ नहीं कह सकते।
धौनी से हमारी जान पहचान नहीं है
शादी में राची के प्रसिद्ध क्रिकेटर व भारतीय टीम के भूतपूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी आएंगे कि नहीं यह पूछने पर गीता देवी ने बताया कि हमलोगों का धौनी से कोई संबंध नहीं है। ना तो हमारे पास उनका मोबाइल नंबर है ना ही धौनी ने कभी हमलोगों से संपर्क किया ना ही हमलोगों ने उनसे संपर्क किया। अगर दीपिका के पास नंबर होगा तो देखा जाएगा, लेकिन शादी में सिर्फ 50 लोग ही शामिल होंगे। यह तो तय है। उन्होंने बताया कि दीपिका की शादी 2019 में ही होनी थी, लेकिन किसी ना किसी कारण से शादी टल गई। अब शादी का नया दिन 30 जून रखा गया है। अगर इस समय भी किसी कारण से शादी टलती है तो 2021 में इतना गेम है कि शादी संभव नहीं। इसलिए ईश्वर से मनाए कि हर हाल में दीपिका की शादी इसी माह हो जाए।