झारखंड में वज्रपात से 13 लोगों की मौत, आधा दर्जन घायल
मौसम विभाग ने झारखंड के कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड में मंगलवार रात व बुधवार दोपहर को बारिश के साथ हुए वज्रपात ने कहर मचाया। गिरिडीह, बोकारो, गोड्डा, लोहरदगा, जामताड़ा व गुमला में 13 लोगों की मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन लोग झुलस गए। मृतकों में सात गिरिडीह के हैं। गिरिडीह में पिता-पुत्र और सात महिलाएं वज्रपात की चपेट में आ गई। वज्रपात से डुमरी थाना अंतर्गत जीतकुंडी पंचायत के कारीपहाड़ी गांव में सुनील सोरेन (35) और उनके छोटे पुत्र अजय सोरेन (12) की मौत हो गई। इधर, मौसम विभाग ने वीरवार को भी कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।
वहीं, बबलू सोरेन (15) गंभीर रूप से घायल हो गए। वे खेत से काम करने के बाद घर लौट रहे थे। वहीं, भंडारो गांव निवासी प्रकाश राय की पत्नी सोनिया देवी वज्रपात की चपेट में आने से घायल हो गई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गप्पैय के मंडाटांड़ टोला निवासी राजू मंडल की पत्नी प्रमिला देवी दोपहर में अपने घर के आंगन में बैठी थी। तभी अचानक वज्रपात की चपेट में आ गई। इसी थाना क्षेत्र के धनयडीह गांव निवासी कामेश्वर महतो के घर में वज्रपात होने से उनकी पत्नी संगीता देवी की मौत हो गई, जबकि कामेश्वर महतो, दशरथ कुमार वर्मा (12), सीता देवी (69) गंभीर रूप से घायल हो गए। पीरटांड थाना अंतर्गत घोरबाद गांव में जीवलाल राय की पत्नी मालती देवी घायल हो गई, जबकि कंदनी देवी की मौत हो गई। दोनों महिला महुआ बीज चुनने गई थीं।
जमुआ में बदडीहा गांव में मीना देवी की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई। गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के माछीटाड़ में राजा लुई व चंदना गांव में इतवारी पहाडि़या (40) की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई। वहीं बोकारो के हरला थाना इलाके के महुवार जमुनियाटांड़ निवासी बादल रजवार की वज्रपात से मौत हो गई। जामताड़ा में बुधवार शाम हुए वज्रपात की चपेट में आने से श्यामपुर निवासी रहीमुद्दीन अंसारी की पुत्री रोशन खातून (16) की मौत हो गई। रोशन गांव के समीप नदी में नहाने गई थी। बारिश के कारण घर लौटने लगी, इसी दौरान वज्रपात की चपेट में आने से उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं वज्रपात से लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के उडुमुडू गांव में बगीचे आम चुन रहे सातवीं के छात्र नितेश उरांव की मौत हो गई।
उधर, गुमला में आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश और इस दौरान हुए वज्रपात से सिसई प्रखंड के बांडो गांव में छात्रा शीला कुमारी की मौत हो गई। डुमरडीह के हनुमान मंदिर पर वज्रपात से मंदिर का गुंबज टूट कर गिर गया। वहीं मंदिर के अंदर उपस्थित लोगों को कोई नुकसान नहीं हुआ। सभी लोग भगवान का शुक्रिया कर रहे थे। वहीं आंधी से जिले में कई जगह पेड़ उखड़ गए। जिससे गुमला-सिमडेगा मार्ग पर वाहनों का परिचालन बाधित हो गया। वहीं बिजली के तार टूटने से जिले में कई जगह बिजली बाधित रही। रायडीह गुमला के बीच सिलम घाटी के समीप 11 हजार वोल्ट के तार टूट कर गिर गए जिसे बिजली की आपूर्ति ठप हो गई।
वज्रपात से मौत
गिरिडीह : 07
गोड्डा : 02
बोकारो : 01
जामताड़ा : 01
गुमला : 01
लोहरदगा : 01