खाने में देर हुई तो Zomato के हेल्पलाइन पर किया कॉल, इधर खाते से 45 हजार गायब
Ranchi. साइबर अपराधियों ने कई बड़ी कंपनियों की वेबसाइटों के हेल्पलाइन नंबरों को हैक कर रखा है। इस बार जोमैटो के ग्राहक को 45 हजार का चूना लगा है।
रांची, जासं। साइबर अपराधियों ने कई बड़ी कंपनियों की वेबसाइटों के हेल्पलाइन नंबरों को हैक कर रखा है। इस बार ऑनलाइन खाना डिलिवर करने वाली कंपनी जोमैटो के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने के बाद रिम्स के जूनियर डॉक्टर के खाते से 45 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। इसे लेकर जूनियर डॉक्टर शशि यशी ने बरियातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि जोमैटो कंपनी के एप से खाना के लिए ऑनलाइन ऑर्डर की थी। समय पर खाना नहीं मिला तो उसने कंपनी के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया। कॉल करने पर साइबर अपराधियों को फोन लग गया। अपराधियों ने उन्हें एक दूसरा एप डाउनलोड करने के लिए कहा।
डॉक्टर ने उसके कहे अनुसार एप डाउनलोड किया और जैसे ही उसे क्लिक किया, उसके खाते से 45 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। उसे मैसेज मिला तो वह हैरत में आ गई। इसके बाद उसने बैंक अधिकारियों से बात की। फिर, बरियातू थाने पहुंचकर ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप