Merry Christmas: गिरजाघर में प्रार्थना के लिए उमड़ी भीड़, सांता क्लॉज बच्चों के बीच बाटेंगे खुशियां
Merry Christmas बच्चे से लेकर बड़े तक क्रिसमस की धूम में मस्त दिख रहे है। बाजार में एक से बढ़कर एक उपहारों की रेंज मौजूद है।
रांची, जासं। Merry Christmas प्रभु यीशु के जन्म की तैयारी में पूरा शहर जुटा रहा। दुकानों में देर रात तक लोगों की भीड़ क्रिसमस के समान खरीदने के लिए लगी रही। बच्चे से लेकर बड़े तक क्रिसमस की धूम में मस्त दिख रहे थे। बाजार में एक से बढ़कर एक उपहारों की रेंज मौजूद है। क्रिसमस की रौनक शहर के पुरूलिया रोड में अधिक देखी जा सकती है। यहां पर उपहारों और सजावट की सामाग्री से दुकानें सज चुकी हैं। चॉकलेट, क्रिसमस ट्री, साता क्लॉज, सांता मास्क, पेंसिल, स्टार की मांग अधिक है। इसके साथ ही कई जगहों पर सड़क किनारे भी अस्थाई दुकानें लगाई गई हैं।
पुरुलिया रोड के दुकानदार अरशद बताते हैं कि सोमवार को चुनाव परिणाम के कारण बाजार में थोड़ी ठंडी थी। लेकिन मंगलवार को लोगों ने जमकर खरीदारी की है। इसमें बच्चों के साथ बड़े ने साथ दिया है। उन्होंने बताया कि 20 रुपये से लेकर 40 रुपये तक के सांता कैप की मांग सबसे ज्यादा रही। इसके अलावा क्रिसमस ट्री और इसे सजाने के सामन की भी अच्छी बिक्री हुई है। उन्होंने बताया कि ट्री के लिए सिल्वर बॉल और गोल्डेन बॉल, रोलेक्स, एलइडी लाइट और स्टार के सभी रेंज में खरीदारों ने दिलचस्पी दिखाई।
आठ फीट तक के बिके क्रिसमस ट्री
अरशद ने बताया कि बाजार में डेढ़ फीट से लेकर 8 फीट तक के क्रिसमस ट्री की खूब बिक्री हुई है। लोगों ने अपने घर के स्पेश के हिसाब से खरीदारी की है। उन्होंने बताया कि डेढ़ फीट के क्रिसमस ट्री की कीमत 150-180 रुपये है। वहीं 8 फीट के क्रिसमस ट्री की कीमत 3500 रुपये तक है। इसके साथ ही एलईडी लाइट वाली क्रिसमस ट्री की कीमत 4500 रुपये से पांच हजार तक है। उन्होंने बताया कि इस साल कारपोरेट हाउस में भी क्रिसमस को लेकर अच्छी खरीदारी हुई है।
पुरुलिया रोड पर बिशप हाउस के पास कई जगह यीशु के जन्म के लिए छोटी-छोटी चरनी बनते और बिकते हुए दिखी। चरनी विक्रेताओं ने बताया कि इस साल पिछले साल की अपेक्षा 25 फीसद तक बिक्री बढ़ी है। उन्होंने बताया कि पहले लोग घरों में चरनी नहीं लगाते थे। मगर वक्त के साथ काफी लोग इसे खरीदते हैं। उन्होंने बताया कि बाजार में 600 रुपये से लेकर 2500 रुपये तक की चरनी साइज और बनावट के आधार पर उपलब्ध है।
लोगों के पास उपहार के लिए हैं कई विकल्प
पुरूलिया रोड बाजार और अन्य मुख्य बाजार से लेकर शापिंग मॉल्स में क्रिसमस से जुड़ी गिफ्ट आइटम की अच्छी बिक्री हुई है। दुकानें भी लाल, हरे और सफेद रंग में रंगी हुई दिख रही हैं। साता स्टीकर, साता क्लाज मुखौटा, साता क्लाज की ड्रेस, लटकाने वाले साता क्लाज, खिलौनों में साता क्लाज से लेकर स्टैडिंग और बैठे हुए साता क्लाज भी हैं, जो खासकर बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा बड़े गिफ्ट के लिए केक और बेकरी के गिफ्ट हैंपर को पसंद कर रहे हैं।
गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना-मिस्सा में उमड़ी भीड़
मंगलवार की मध्य रात्रि घड़ी की सुई जैसे ही 12 पर पहुंची गिरजाघरों के घंटे बज उठे। धर्मगुरुओं ने विश्वासियों को बालक यीशु के जन्म का सुसमाचार सुनाया। इसके साथ ही हर ओर खुशियां और उल्लास का नवसंचार प्रवाहित हो गया। प्रभु की आराधना के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर प्रभु के आगमन की शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व संत मारिया गिरजाघर, संत पॉल्स गिरजाघर, जीईएल गिरजाघर, डोरंडा गिरजाघर सहित तमाम गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना-मिस्सा का आयोजन किया गया। प्रार्थना-मिस्सा को लेकर रात नौ बजे के बाद ही गिरजाघरों में जुटान शुरू हो गया था। प्रार्थना में बड़ी संख्या में विश्वासी शामिल हुए। देर रात तक गिरजाघरों में रौनक रही। आज हैप्पी क्रिसमस मनाया जाएगा। सांता क्लॉज बच्चों के बीच खुशियां बेटेंगे।