रांची में जमीन विवाद में अपराधियों ने अधिवक्ता काे मारी गोली, मौत Ranchi News
Jharkhand. आसपास के लोगों ने गंभीर हालत में घायल व्यक्ति को रिम्स में भर्ती कराया। मृतक व्यक्ति की पहचान सर्वोदय नगर निवासी रामप्रवेश सिंह के रूप में की गई है।
रांची, जासं। राजधानी रांची के कांके रोड में सोमवार शाम को एक अधिवक्ता को बाइक सवार अपराधियों ने जमीन विवाद में गोली मार कर हत्या कर दी। गोली मारने के बाद अपराधी फरार हो गए। आसपास के लोगों ने गंभीर हालत में घायल व्यक्ति को रिम्स में भर्ती कराया। व्यक्ति की पहचान सर्वोदय नगर निवासी रामप्रवेश सिंह के रूप में की गई है। रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने जमीन विवाद में हमला किया है। घर के सामने अधिवक्ता को गोली तब मारी गई, जब वे ठाकुरगांव से अपनी कार से लौट कर कार पार्क कर उतरे थे। जैसे ही वे कार से उतरे, एक लंगड़ा व्यक्ति उन्हें गोली मार कर भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में पुलिस ने अभी कुछ भी बताने से इन्कार किया है। चुनाव की गहमागहमी और बढ़ी सुरक्षा चौकसी के बीच राजधानी के पॉश इलाके में हत्या की इस घटना से पुलिस-प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद महाधिवक्ता, डीआइजी, एसएसपी सहित कई अधिकारी रिम्स पंहुचे। कई अन्य अधिवक्ता भी रिम्स पहुंच रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, रामप्रवेश सिंह पेशे से अधिवक्ता थे। सर्वोदय नगर में ही उनकी एक जमीन का लंबे समय से छोटू लकड़ा नाम के युवक से विवाद चल रहा था। करीब डेढ़ महीने पहले उसी जमीन पर मारपीट भी हुई थी। उसी जमीन के विवाद से जोड़कर हत्या की घटना को देखा जा रहा है। बता दें कि राजधानी रांची में जमीन विवाद में आए दिन हत्याएं होती रहती हैं। पुलिस की सुस्ती से अपराधियों के हौसले दिनों दिन बढ़ते ही जा रहे हैं।