रांची के नगड़ी में अपराधियों ने पेट्रोल पंप से 9 लाख रुपये लूटे Ranchi News
Jharkhand. बताया जाता है कि सात नकाबपोश अपराधी पेट्रोल पंप पहुंचे और पंप के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए।
रांची, जासं। राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के प्रेमनगर के समीप बिरसा सर्विस सेंटर पेट्रोल पंप में अपराधियों ने लूटपाट की है। मंगलवार रात नौ बजे अपराधियों ने नौ लाख साढ़े बाइस हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। इस संबंध में पेट्रोल पंप के मैनेजर हड़खोरी लाल ने नगड़ी थाना में अज्ञात अपराधियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बताया जाता है कि सात नकाबपोश अपराधी पेट्रोल पंप पहुंचे। वे हथियार और चाकू से लैस थे। उन्होंने पंप के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। उन्हें लोहे के रड से भी पीटा। इसके बाद उन्होंने लूटपाट की घटना काे अंजाम दिया। अपराधियों ने पंप के चार कर्मचारियों के साथ मारपीट की। करीब आधे घंटे तक उन्होंने उत्पात मचाया। इनमें दो को बेरहमी से पीटा। इसके बाद उन्हाेंने कर्मचारियों को एक कमरे में बंद कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए।
करीब डेढ घंटे के बाद एक ग्राहक वहां पेट्रोल लेने आया और कर्मचारियों के चिल्लाने की आवाज सुनी तो उसने उन्हें कमरे से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पंप अभी निर्माणाधीन है। पंप के मैनेजर ने बताया कि पिछले दो दिनों से अपराधी धमकी दे रहे थे। इसकी सूचना उन्होंने थाना प्रभारी और पंप के मालिक को दी थी। लेकिन किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। घटना के बाद ग्रामीण एसपी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।