लोहरदगा के सेन्हा में अपराधियों ने ट्रैक्टर में लगाई आग, लाखों का नुकसान Lohardaga News
ट्रैक्टर का टायर फटने पर लोगों को ट्रैक्टर जलने की जानकारी हुई। लोगों ने थ्रेसर मशीन को जलने से बचाया। सेन्हा थाना पुलिस मामले की जांच पड़ताल के साथ आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
लोहरदगा, जासं। लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के डोका गांव में अपराधियों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी। इससे ट्रैक्टर मालिक को लाखों रुपये का नुक़सान पहुंचा। ट्रैक्टर में आग लगाये जाने के बाद धू-धूकर कर टायर जलने लगा, इसके बाद टायर फट गया। इसकी आवाज सुनकर लोगों को ट्रैक्टर जलने की जानकारी हुई। आवाज सुनकर ट्रैक्टर मालिक नसीम अंसारी सहित आसपास के कई ग्रामीण घर से बाहर निकले और नसीम के घर के बाहर रखे थ्रेसर मशीन को जलने से बचा लिया। इधर ट्रैक्टर जलने की सूचना जैसे ही सेन्हा थाना पुलिस को मिली, तुरंत मामले की जांच-पड़ताल के साथ आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बताया जाता है कि डोका गांव निवासी कुर्बान अंसारी के पुत्र नसीम अंसारी उक्त ट्रैक्टर से गेंहू लाकर थ्रेसर से गेहूं झाड़कर बाजार डाडू से काम कर लौटा था। ट्रैक्टर चालक कृष्णा भगत ने बताया कि रात्रि 12 :30 बजे के करीब ट्रैक्टर जलने के बाद टायर फटने की आवाज़ सुनकर घर के आस पास के लोगों ने घर से बाहर निकलकर देखा तो ट्रैक्टर जल रहा था। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
इसी बीच ट्रैक्टर के पास रखे थ्रेसर मशीन को लोगों ने जलने से बचा लिया। बताया जाता है कि अपराधियों ने ट्रैक्टर से डीजल निकालकर पुआल से ट्रैक्टर में आग लगा दिया। सेन्हा थाना प्रभारी वीरेंद्र एक्का ने बताया कि अपराधियों द्वारा ट्रैक्टर जलाने की सूचना मिली है। इसके बाद पुलिस घटना स्थल के लिए रवाना हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी है।