रांची में पिस्टल के साथ अपराधी गिरफ्तार, वीआइपी इलाके में घटना को अंजाम देने की थी तैयारी
Jharkhand Ranchi Latest News इधर रांची में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में इस महीने 5644 लीटर देसी शराब व 134 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इस दौरान 18 लोगों को गिरफ्तार किया।
रांची, जासं। रांची के बीआइटी ओपी इलाके से पिस्टल के साथ एक अपराधी पकड़ा गया है। बीआइटी पुलिस में घटना को अंजाम देने से पहले ही अपराधी को दबोच लिया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि अपराधी हथियार के साथ किसी घटना को अंजाम देने के लिए बीआइटी इलाके में घूम रहा है। इसकी सूचना मिलते ही बीआइटी ओपी प्रभारी विरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और अपनी टीम के साथ मिलकर अपराधी को दबोच लिया। अपराधी से पुलिस पूछताछ कर रही है। इसके अलावा उसका आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। पकड़ा गया अपराधी किस घटना को अंजाम देने वाला था, इस संबंधित पूछताछ की जा रही है।
5644 लीटर देसी शराब व 134 किलोग्राम गांजा बरामद
रांची जिले में नवंबर महीने में चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस महीने अब तक पुलिस 5644 लीटर देसी शराब बरामद कर चुकी है। यह नहीं, पुलिस ने 134.5 ग्राम गांजा भी बरामद किया है। मादक पदार्थ का अवैध धंधा करने वाले कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मादक पदार्थ ले जाने वाले दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल को जब्त किया है। कुल ₹2000 का जुर्माना वसूला गया है।
इसके अलावा इस महीने 33172 किलो महुआ का जावा नष्ट किया गया है और 110 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। गौरतलब है कि मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई रांची में ही हुई है। सबसे ज्यादा अट्ठारह लोग रांची में गिरफ्तार हुए हैं। इसके बाद खूंटी का नंबर है। खूंटी में और गुमला में 17-17 लोग गिरफ्तार हुए हैं।