किरायेदार दंपती पर बच्चे के अपहरण का आरोप, तीसरे दिन भी नहीं मिला सुराग Ranchi News
Jharkhand. 72 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। पिता सहित पूरा परिवार परेशान है। छत्तीसगढ़ के दंपति घर में किराएदार थे।
रांची, जासं। सुखदेवनगर इलाके से पिछले 72 घंटे से गायब 12 वर्षीय छात्र के मामले में पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। रविवार को किराएदार के साथ निकले डीएवी स्वर्णरेखा स्कूल के चौथी कक्षा के छात्र चंदन कुमार का तीसरे दिन तक कोई सुराग नहीं मिला। इस पर बच्चे के परिजनों ने किराएदार पर अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। कहा गया है कि बच्चे के लापता होने के तीसरे दिन बच्चे की तस्वीर मंगवाई गई। बच्ची को ढूंढने के लिए पुलिस के चक्कर काट रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के यमुनानगर पहाड़ी इलाके में रहने वाले ऑटो चालक लाल बाबू साव का बेटा चंदन कुमार (12) बीते 15 दिसंबर से गायब है। पूरे दिन तलाश के बाद पिता ने इसकी लिखित सूचना 16 दिसंबर को सुखदेवनगर थाने की पुलिस को दी। मामले में 17 दिसंबर को पुलिस ने संज्ञान लेकर तस्वीरें मंगवाई। बच्चे के अपहरण पर पुलिस गंभीरता नहीं दिखा रही है।
20 दिन पहले घर में किया था शिफ्ट
बच्चे के पिता ने पुलिस को बताया है कि करीब 20 दिन पहले उनके घर एक दंपती विवेक और सोशम किराए पर रहने आए थे। उन्होंने अपना पता छत्तीसगढ़ बताया था। घर में रहकर मजदूरी करते थे। इसबीच बीते रविवार को विवेक ने बताया कि वह पत्नी को गांव भेज रहा है। ऑटो स्टैंड तक छोडऩे के लिए हरमू जाएगा। वहां से हटिया रेलवे स्टेशन पत्नी खुद चली जाएगी। साथ में चंदन को भी चलने के लिए कहा। इसपर चंदन उनके साथ जाने को तैयार हो गया। चंदन उनके साथ निकला, फिर लौट कर नहीं आया। दंपती का फोन नंबर भी स्वीच ऑफ हो गया है। इससे परिजन परेशान होकर पुलिस से मदद मांगी। लेकिन बच्चे को ढूंढने में कोई गंभीरता नहीं दिखी।
बिना दस्तावेज लिए रखा था किराएदार
बाबूलाल साव ने किराएदारों को उनसे आधार कार्ड, पहचान पत्र जैसे दस्तावेज लिए बगैर ही किराएदार रख लिया। इससे दंपती के जाने के बाद उनके पते की कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। पुलिस अब दंपति का सीडीआर निकालकर उसके पते की जानकारी लेगी। इससे उसका पता लगाया जा सके। पुलिस ने सीडीआर खंगालना शुरू कर दिया है।
बच्चा किरायेदार के साथ निकला था। इसके बाद नहीं लौटा। आशंका है कि बच्चा उनके साथ चला गया है। हालांकि बच्चे की तलाश में पुलिस जुटी है। सीडीआर खंगालकर दंपती का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही बच्चे को बरामद कर लिया जाएगा।-अजीत कुमार विमल, डीएसपी कोतवाली।