Coronavirus Update: रांची में कोरोना के 6 और मरीज मिले, अस्पताल की नर्स भी संक्रमित; झारखंड में 74 मामले
Coronavirus Update. दैनिक जागरण ने अस्पताल के कर्मचारियों में संक्रमण के खतरे की संभावना की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
रांची, जासं। झारखंड में कोरोना का मामला बढ़ता ही जा रहा है। राजधानी रांची में रविवार को कोरोना वायरस के छह नए मरीज मिले। इसमें रांची सदर अस्पताल की एक नर्स में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने इसकी पुष्टि की है। झारखंड में पहली बार कोई हेल्थ केयर वर्कर संक्रमित हुई है। अब झारखंड में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 74 हो गई है। रांची में अब कोरोना के 49 मरीज हो गए हैं। आज रविवार को कोरोना पॉजिटिव के 6 नए मामले सामने आए। रांची के हिंदपीढ़ी से 3, लोहाडीह से 2 और पिस्का मोड़ से 1 कोरोना पॉजिटिव का मामला सामने आया है।
सबसे बड़ी बात यह है कि रांची डीसी और एसएसपी सहित कई वरीय पदाधिकारियों को अब क्वॉरंटाइन होना होगा। क्योंकि पॉजिटिव मामले जो आए हैं उनमें से दो मामले गुरु नानक स्कूल के हैं। इसमें एक सफाई कर्मी है दूसरा चालक है। सभी वरीय पदाधिकारी रोजाना हिंदपीढ़ी की सुरक्षा व्यवस्था के लिए गुरुनानक स्कूल जाते हैं। संभावना है कि ये सभी वरीय पदाधिकारी संक्रमित हुए हों। यानी प्रशासन के सभी पदाधिकारी को एक साथ क्वॉरंटाइन होना पड़ेगा।
सदर अस्पताल में गर्भवती महिला के प्रसव के बाद संक्रमण की पुष्टि होने के बाद 100 से ज्यादा स्टाफ के सैंपल लिए गए थे। कुछ के रिपोर्ट नेगेटिव आए। नर्स गर्भवती महिला के संपर्क में आई थी। राज्य में कोरोना से संक्रमित होने वाली पहली स्वास्थ्य कर्मी है। उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। अस्पताल के ही एक कर्मी ने बताया कि सैंपल कलेक्शन के बाद भी नर्स दूसरों के संपर्क में आ रही थी। हालांकि रिपोर्ट आने के बाद मेडिकल टीम को उसके घर भेजा गया है। जल्द उसे रिम्स के आइसोलेशन सेंटर में लाया जाएगा।
दैनिक जागरण ने अस्पताल के कर्मचारियों में संक्रमण के खतरे की संभावना की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल के कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। जिनकी रिपोर्ट पेंडिंग है वे काफी डरे हुए हैं। झारखंड में यह पहला मामला है कि जब प्रदेश में चिकित्सा कर्मियों के कोरोना पीड़ित होने का मामला सामने आया है।
कल शनिवार को रांची के कांटाटोली से एक कोरोना पॉजिटिव सामने आया था। जाहिर है हिंदपीढ़ी के बाद कांटाटोली का नेताजी नगर का इलाका कोरोना कंटेनमेंट जोन बनने के बाद पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती बढ़ गई है। अब सोर्स खंगालना और संक्रमित की तलाश कर पाना मुश्किल होगा। हालांकि पुलिस अब नेताजी नगर में अब डोर टू डोर स्क्रीनिंग कराएगी।
लार्ज आउटब्रेक के हॉटस्पॉट में शामिल हुआ रांची, पूरे शहर में संक्रमण का खतरा
रांची में अब तक 44 कोरोना के मरीज सामने आने के साथ ही रांची अब लार्ज आउटब्रेक के हॉटस्पॉट की श्रेणि में शामिल हो चुका है। अब केवल हिंदपीढ़ी ही कोरोना कंटेनमेंट जोन नहीं रह गया। व्यापक पैमाने पर पूरे शहर में कोरोना का संक्रमण फैलने का संकेत मिल रहा है। हिंदपीढ़ी के बाद कांटाटोली में कोरोना संक्रमित के मिलने के साथ ही पूरे शहर में संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ गई है। अब यह पता लगाना असंभव जैसा हो गया है कि किस इलाके में कोरोना के संदिग्ध संक्रमण फैला चुके हैं, या कैरियर के रूप में घूम रहे हैं।
हालांकि रांची जिला प्रशासन की ओर से सदर डीएसपी दीपक कुमार पांडेय को हर संक्रमण के कांटैक्ट ट्रेसिंग की जिम्मेवारी दी गई है। उन्हें संक्रमण का रिपोर्ट खंगालकर वरीय अधिकारियों को देना है। उसी आधार पर हर जगहों के लोग क्वारंटाइन किए जाएंगे और उनकी कोरोना स्क्रीनिंग कराई जाएगी। लेकिन संक्रमितों की पहचान तक चेन रिएक्शन से लगातार मामले बढ़ रहे हैं।
बरियातू इलाके में भी मिल चुका है कोरोना संक्रमित
बरियातू में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल चुका है। हालांकि उस मरीज के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दिल्ली में हुई। उनकी मौत भी हो चुकी है। मृतक रिटायर्ड डीडीसी थे। उन्होंने बरियातू जोड़ा तालाब रोड स्थित लेकव्यू अस्पताल में इलाज करवाया था। इसके बाद लेकव्यू अस्पताल और रिटायर्ड डीडीसी के अपार्टमेंट में रहने वाले सभी लोगों का कोरोना वायरस सैंपलिंग कराया गया। हालांकि किसी का रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं निकला। इसके बाद उस इलाके को फिलहाल सुरक्षित माना गया है। लेकिन संक्रमण के सोर्स की जानकारी नहीं मिलने से बरियातू इलाके में भी कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा बरकरार है।