विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मैं भागने वाला नहीं, हर जांच के लिए तैयार हूं', दुष्कर्म के आरोप पर कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की सफाई

Published: Sat, 14 Nov 2026 06:58 PM (GMT+05:30)

कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपों को मनगढ़ंत बताया है।

कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा। (फाइल फोटो)

कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. विधायक भूषण बाड़ा ने दुष्कर्म आरोपों को मनगढ़ंत बताया।

  2. जांच के लिए तैयार, भागने की बात से इनकार किया।

  3. पार्टी नेताओं पर साजिश रचने का आरोप लगाया।

राज्य ब्यूरो, रांची। दुष्कर्म का आरोप लगने और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा अपने आवास में डटे हुए हैं और सभी प्रकार की जांच के लिए तैयार भी हैं।

शनिवार को अपने आवास पर मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनपर लगा आरोप मनगढ़ंत, झूठा है और वह हर तरह की जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि मैं यहां से भागनेवाला भी नहीं हूं। उन्होंने इस पूरे कांड के पीछे अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर साजिश में शामिल होने को लेकर आशंका व्यक्त की है और कहा है कि पार्टी से निष्कासन का बदला लेने के लिए ऐसी साजिश रची गई है जिसमें कोई सच्चाई नहीं है।

विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि आरोप लगाने वाली उक्त नाबालिग लड़की मई में मेरे घर आई थी और जुलाई में ही मेरे घर से चली गई थी। जुलाई महीने में धनरोपनी के दौरान अधिसंख्य लोग अपने-अपने गांव चले जाते हैं।

वह बच्ची अपने दादा-दादी के साथ रहती है और उसके साथ कुछ गलत हुआ रहता तो उसी वक्त अपनी दादी को बता सकती थी। चार महीने बीत जाने के बाद यह कुछ लोगों ने उसे बहला फुसलाकर यह आरोप लगवाया है। इसकी जांच शुरू हो गई है और शीघ्र ही जांच रिपोर्ट हम सभी के पास होगी।

उन्होंने कहा कि बच्ची को झूठी बातें सिखाकर लोगों ने बदनाम करने की साजिश रची है। विधायक आवास में अभी भी कई लड़कियां रहती हैं। इनमें से कुछ कामकाजी हैं, कुछ पढ़ाई कर रही हैं तो कुछ प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

पिता की मृत्यु के बाद वह लड़की पढ़ाई और प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए रांची आवास पर आई थी। उसके दादा-दादी सभी बातों को जानते हैं।

पांच-छह लोगों के खिलाफ पार्टी ने कार्रवाई की थी

सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने आरोप लगाया कि पार्टी ने निकाय चुनाव के दौरान दलगत निर्णय के खिलाफ काम करनेवाले कुछ लोगों को निष्कासित कर दिया था।

उन्हीं लोगों का हाथ इस साजिश के पीछे है। समय के साथ इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। आर्थिक रूप से पिछड़ा इलाका होने के कारण युवाओं को रोजगार के कम ही अवसर मिलते हैं। इसके अलावा कई लोग रोजगार की तलाश में रांची पहुंचते हैं और विधायक आवास पर ही रहते हैं।

यह भी पढ़ें- नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में घिरे कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा, रांची में POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।